कौशांबी के सराय अकिल थाना क्षेत्र के जवाहरगंज गांव में शादी के दिन एक दुल्हन ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना 10 फरवरी को होने वाली शादी से ठीक पहले हुई। मृतका की पहचान सिंपल के रूप में हुई है, जिसकी शादी पूरामुफ्ति थाना क्षेत्र के गौसपुर उजिहिनी निवासी अनिल कुमार से होनी थी। अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि सिंपल के प्रेमी ने 7 और 8 फरवरी को उसे फोन पर धमकी दी थी। उसने अनिल को धमकी देते हुए कहा था कि वह छह साल से सिंपल के साथ रिश्ते में है और अगर अनिल ने उससे शादी की तो वह उसकी जान ले लेगा। अनिल ने जब इस बारे में सिंपल से पूछा तो उसने इस रिश्ते को स्वीकार किया था। लेकिन अब वो उससे दूर रहना चाहती थी। धमकियों से परेशान होकर अनिल कुमार ने 9 फरवरी को सराय अकिल थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी। उसी रात सिंपल ने अपने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। सिंपल को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। सराय अकिल थाना प्रभारी वीर प्रताप सिंह ने बताया कि 9 फरवरी को मृतका के होने वाले पति से शिकायत मिली थी। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।


