अनूपपुर जिले के कोतमा वन परिक्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर बीट के जंगल में रविवार दोपहर आग लग गई। सूचना मिलने पर वन विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। पसान और कोतमा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग जंगल की सूखी पत्तियों और गर्म हवाओं के कारण तेजी से फैली। जंगल के एक हिस्से में आग फैलने से आसपास के क्षेत्रों में भी खतरा बढ़ गया था। बीट प्रभारी और वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद ने वरिष्ठ अधिकारियों और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। बीड़ी से आग की आशंका कोतमा के वन परिक्षेत्र अधिकारी हरीश तिवारी ने बताया कि गर्मी के कारण जंगल में पत्ते सूखे हुए हैं और ग्रामीण महुआ बीनने आते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने बीड़ी पीकर सूखे पत्तों की ओर फेंक दिया होगा, जिससे आग लगी। तिवारी के अनुसार, इस घटना से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। वन अमले ने बताया कि जहां आग लगी थी, वहां तक फायर ब्रिगेड वाहन के जाने की कोई व्यवस्था नहीं थी। इसलिए फायर ब्रिगेड टीम को दूर से ही आग बुझाने का प्रयास करना पड़ा। अधिकारी ने यह भी बताया कि देहरादून से फायर अलर्ट की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई। वर्तमान में जंगल की निगरानी सैटेलाइट के माध्यम से की जा रही है, जो आग लगने की घटनाओं की जानकारी देहरादून स्थित कंट्रोल रूम को भेजता है।


