ललितपुर में बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाया। सोमवार शाम को जिले भर के अंबेडकर पार्कों में साफ-सफाई की गई और मूर्तियों के पास दीप प्रज्वलित किए गए। राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ महरौनी विधानसभा के ग्राम नैनवारा दरौना स्थित अंबेडकर पार्क पहुंचे। उन्होंने स्वयं पार्क की सफाई की, स्वच्छता का संदेश दिया और मूर्ति स्थल के चबूतरे की रंगाई-पुताई कर दीप प्रज्वलित किए।
दूसरी ओर,भाजपा जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत के नेतृत्व में तालबेहट नगर पंचायत परिसर और ललितपुर के जेल चौराहे स्थित बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थलों पर भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। जेल चौराहे पर बाबासाहेब की प्रतिमा स्थली पर जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने समूह में दीप जलाकर प्रकाश फैलाया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रावत ने कहा कि बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर का जन्मदिन भाजपा के छह प्रमुख उत्सवों में से एक है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने बाबासाहेब के जीवन से संबंधित प्रमुख स्थानों को ‘पंच तीर्थ’ का नाम दिया है। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा एडवोकेट ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर शिक्षा को सबसे शक्तिशाली मानते थे। इसी तरह, भारतीय जनता पार्टी भी समाज की अंतिम पंक्ति तक शिक्षा की ज्योति ले जाने की पक्षधर है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, वरिष्ठ नेता अशोक गोस्वामी, बब्बू राजा बुंदेला, पूर्व जिलाध्यक्ष हरीराम निरंजन, पं. प्रदीप चौबे, जगदीश सिंह लोधी, राजकुमार जैन और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सोनाली विवेक जैन सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


