Karanvir Bohra Father Passed Away: रंगों के त्योहार होली के दिन फेमस करणवीर बोहरा के घर खुशियां मातम में बदल गईं हैं। करणवीर के पिता और जाने-माने फिल्म प्रोड्यूसर महेंद्र बोहरा का निधन हो गया है। इस दुखद खबर ने न केवल बोहरा परिवार बल्कि पूरी टेलीविजन इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। पिता के जाने के गम में डूबे करणवीर ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो और पोस्ट शेयर कर अपने दिल का हाल बयां किया है। जैसे ही ये खबर करण के फैंस तक पहुंची। हर कोई निराश हो गया। लोग करण को सांत्वना देने लगे।
करणवीर बोहरा के पिता का हुआ निधन (Karanvir Bohra Father Death on Holi)
करणवीर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पिता की यादों का एक कोलाज वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा कि माता-पिता को खोने का दर्द वही समझ सकता है, जिसने इसे झेला है। करणवीर ने भावुक होते हुए कहा, “मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं पापा। आपको कितनी याद आएगी, यह शब्दों में बताना मुमकिन नहीं है। लेकिन इस गहरे दुख के बीच मुझे एक बात से सुकून मिलता है कि आपने एक बहुत खूबसूरत और गरिमापूर्ण जिंदगी जी। आप हमेशा कहते थे कि आप काम करते हुए और एक्टिव रहते हुए इस दुनिया से जाना चाहते हैं, और आपने बिल्कुल वैसा ही किया। आप अपनी शर्तों पर जिए और अपनी शर्तों पर ही विदा हुए।”

पिता के लिए लिखा करणवीर ने बड़ा मैसेज (Karanvir Bohra Emotional Post after father demise)
करणवीर ने अपनी पोस्ट में उन तमाम बातों का जिक्र किया, जो उनके पिता ने उन्हें सिखाई थीं। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने उन्हें कभी हार न मानना, मुश्किल समय में भी सकारात्मक रहना और गिरकर दोबारा संभलना सिखाया है।
करणवीर ने आगे लिखा, “आपने मुझे सपने देखना सिखाया। एक प्रोड्यूसर का एक्टर होना क्या होता है और अपना शॉट पूरा किए बिना सेट से न जाना क्या होता है, यह सब आपकी ही सीख है। आपने मुझे केवल अच्छा दिखना ही नहीं, बल्कि लोगों के साथ ग्रेस और उदारता से पेश आना भी सिखाया।”

“गर्व है कि मैं आपका बेटा हूं”
एक्टर ने आगे लिखा कि वह जहां भी जाते हैं, लोग उनके पिता की अच्छाई और उनके व्यवहार की तारीफ करते हैं। करणवीर के मुताबिक, उनके पिता एक ‘रेयर सोल’ यानी एक दुर्लभ इंसान थे। उन्होंने गर्व से कहा कि वह हमेशा इस बात के लिए ईश्वर के आभारी रहेंगे कि उन्होंने महेंद्र बोहरा के घर जन्म लिया। पोस्ट के आखिर में उन्होंने लिखा, “पापा मेरी जान, मेरा दिल तुझ पर कुर्बान। आप अपने अगले सफर पर सुकून से जाइए, यह जानते हुए कि मैं पीछे सबका अच्छे से ख्याल रखूंगा।”
महेंद्र बोहरा फिल्म इंडस्ट्री का एक सम्मानित नाम थे और उन्होंने कई प्रोजेक्ट्स प्रोड्यूस किए थे। होली जैसे मौके पर उनके निधन की खबर सुनकर फैंस और सेलेब्स करणवीर को सांत्वना दे रहे हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।


