कुशीनगर में कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर एक पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा जिले मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही ब्लॉक मुख्यालय से शुरू हुई। इसका उद्देश्य पार्टी की विचारधारा और जनकल्याणकारी नीतियों का संदेश आम जनता तक पहुंचाना था। पदयात्रा दुदही ब्लॉक मुख्यालय से प्रारंभ होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरी और पूरे नगर क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लिए ‘कांग्रेस जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। कार्यकर्ताओं ने लोगों को कांग्रेस की विभिन्न योजनाओं, सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पार्टी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। इस पदयात्रा में ब्लॉक अध्यक्ष वकील गुप्ता, मंडल अध्यक्ष मनोज यादव, मंडल उपाध्यक्ष जितेंद्र यादव, उपेंद्र कुशवाहा, जितेंद्र यादव, चंद्रिका यादव, इलियास अंसारी और सागर प्रेमी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी से लेकर अब तक गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के हक की आवाज उठाई है। पदयात्रा के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं को सड़क से सदन तक उठाने और आगामी दिनों में जनसंपर्क अभियान तेज करने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।


