चोरी के शक में युवक को बंधक बनाकर पीटा:4-5 तोला सोने के जेवरात घर में ही मिले; थाने से छूटते ही फिर की मारपीट

चोरी के शक में युवक को बंधक बनाकर पीटा:4-5 तोला सोने के जेवरात घर में ही मिले; थाने से छूटते ही फिर की मारपीट

छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़रिया चौकी के नैगुवां गांव में 4-5 तोला सोने के जेवरात चोरी होने के शक में एक युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने की घटना सामने आई है। वर्तमान में पुलिस की जांच में चोरी का आरोप पूरी तरह झूठा साबित हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने मारपीट करने वाले आरोपी मां-बेटे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पड़रिया चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर कमला ने इस मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उनका कहना है कि हीरानाथ पर लगाया गया चोरी का इल्जाम गलत है और जांच में झूठा साबित हुआ है। उन्होंने बताया कि जिनके जेवरात गायब हुए थे, वह उन्हें उनके ही घर में ही मिल गए हैं। उसके चोरी के शक में बेवजह मारपीट की गई है। थाने से छूटते ही दोबारा पकड़कर की मारपीट घायल हीरानाथ ने बताया कि नैगुवां निवासी पड़ोसियों ने उस पर सोने के जेवरात चोरी करने का आरोप लगाया था। आरोप है कि गांव के ही पुष्पेंद्र नाथ, गीता और उनके परिजनों ने उसे पकड़कर घर के अंदर बंद कर दिया और जमकर मारपीट की। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने थाने में पूछताछ की और देर शाम वेरिफिकेशन के बाद उसे छोड़ दिया। लेकिन, थाने से निकलते ही आरोपियों ने उसे दोबारा पकड़ लिया और फिर से मारपीट की। इस बार उसे इतनी बुरी तरह पीटा गया कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने कहा- जेवरात मिलने के बाद भी बेवजह पीटा मारपीट के बाद परिजनों ने घायल हीरानाथ को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके शरीर पर कई जगह गहरी चोटें पाई गई हैं। हीरानाथ की मां रुड़किया नाथ और भतीजे सूरज नाथ ने बताया कि उनका परिवार शादी-ब्याह में ‘नागिन बैंड’ बजाने का काम करता है। पड़ोसी के यहां 4-5 तोला सोने के जेवरात चोरी होने की बात सामने आई थी, जिसका झूठा आरोप हीरानाथ पर लगा दिया गया। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि जेवरात बाद में मिल चुके हैं, फिर भी उनके बेटे को बेवजह पीटा गया। आरोपी मां-बेटे पर BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज सटई थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पड़रिया चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर कमला का कहना है कि चोरी के झूठे आरोप में हीरानाथ के साथ मारपीट करने के आरोप में गीता नाथ और उसके बेटे पुष्पेंद्र नाथ पर 296-B, 115-2, 351 (3) (5) BNS की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती है। पुलिस के अनुसार, उसके बयानों और डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर धाराओं में इज़ाफ़ा हो सकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *