ललितपुर में नववर्ष की पूर्व संध्या पर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने पुलिस बल के साथ शहर में पैदल गश्त की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और होटल, ढाबों तथा रेस्टोरेंट सहित प्रमुख स्थानों पर चेकिंग की। रेलवे स्टेशन ललितपुर और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की गहनता से जांच की गई। वहीं पैदल गश्त के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने आमजनमानस, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने सभी को नववर्ष को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संदेश दिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, सीओ सिटी अजय कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


