Mahashivratri – देश-दुनिया में आज महाशिवरात्रि पर्व की धूम है। भक्त, भोले की भक्ति में लीन हैं, शिवालयों में दर्शन-पूजन के लिए लोगों की भीड़ लगी है। प्रदेश के दोनों ज्योतिर्लिंगों-ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर में भक्तों की लंबी कतारें लगी हैं। इधर घरों में भी पूजा-अर्चना का दौर चल रहा है। महाशिवरात्रि के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी शिव पूजा की। वे राजधानी भोपाल के विख्यात प्राचीन बड़वाले महादेव मंदिर पहुंचे और महाशिवरात्रि पर्व पर निकली शिव बारात में शामिल हुए। सीएम मोहन यादव ने यहां डमरू बजाया। उन्होंने शिवजी का रथ भी खींचा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शिवार्चन किया। उन्होंने प्राचीन बड़वाले महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर विधि विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने महादेव का अभिषेक भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागरिकों को महाशिवरात्रि की बधाई दी। आम लोगों के साथ महाशिवरात्रि पर्व मनाया।
शिव बारात में पुलिस बैंड के सदस्यों ने आकर्षक प्रस्तुति दी
प्राचीन बड़वाले महादेव मंदिर से शिव बारात निकाली गई जिसमें सीएम मोहन यादव भी शामिल हुए। उन्होंने डमरू बजाया और शिवजी का रथ भी खींचा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को साथ देख शिव बारात में शामिल भक्तों का उत्साह बढ़ गया। शिव बारात में पुलिस बैंड के सदस्यों ने आकर्षक प्रस्तुति दी। अनेक युवाओं ने डमरू बजाया।

महाशिवरात्रि कार्यक्रम और शिव बारात में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ स्थानीय सांसद आलोक शर्मा, भोपाल महापौर मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी, बीजेपी जिलाध्यक्ष रवींद्र यति, राहुल कोठारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। महाशिवरात्रि पर्व आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने सीएम मोहन यादव का स्वागत किया।


