झुंझुनूं: ACB की भनक लगने पर सरकारी गाड़ी लेकर भागा थाने का चालक, जानें पूरा घटनाक्रम

झुंझुनूं: ACB की भनक लगने पर सरकारी गाड़ी लेकर भागा थाने का चालक, जानें पूरा घटनाक्रम

झुंझुनूं। चिड़ावा में एसीबी की ट्रेप कार्रवाई उस समय नाटकीय मोड़ ले गई, जब आरोपी पुलिस चालक रिश्वत लेते ही भनक लगने पर सरकारी जीप लेकर फरार हो गया। रोकने के प्रयास में जीप से लटके एसीबी कांस्टेबल को बीच रास्ते में पटक दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया।

दरअसल भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) जयपुर की टीम शुक्रवार को चिड़ावा थाने में ट्रेप की कार्रवाई के लिए पहुंची, लेकिन कार्रवाई से पहले ही आरोपी चालक को इसकी भनक लग गई। पुलिस थाने का चालक अनिल कुमार रिश्वत की राशि लेने के बाद सरकारी जीप लेकर मौके से फरार हो गया।

एसीबी के कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण ने उसे रोकने के लिए जीप के फाटक से लटककर प्रयास किया, लेकिन चालक ने तेज रफ्तार में गाड़ी को इधर-उधर घुमाते हुए उसे बीच रास्ते में पटक दिया। घायल कांस्टेबल को पहले चिड़ावा अस्पताल और बाद में झुंझुनूं रेफर किया गया।

यूं हुआ घटनाक्रम

एसीबी जयपुर के डीएसपी सुरेंद्र पंचौली के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि सूखी लकड़ी के परिवहन के एवज में पुलिस थाने का चालक अनिल कुमार रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया और परिवादी के साथ कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण को थाने भेजा गया। वहां परिवादी ने चालक को मांगी रिश्वत की राशि सौंप दी। उस समय शांतिभंग में गिरफ्तार एक आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाना था।

इसके लिए चालक अनिल गाड़ी को लेकर जाने लगा। कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण ने बाहर खड़ी एसीबी की टीम को इसकी सूचना दी। इसी दौरान चालक अनिल को शक हो गया और वह गाड़ी को तेज रफ्तार से थाने से बाहर लेकर जाने लगा लेकिन सामने से एसीबी की गाड़ी आ गई।

इस पर अनिल गाड़ी को बैक कर वहां से भागने लगा तो कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण उसकी गाड़ी के फाटक से लटक गया। अनिल ने गाड़ी को कट मारते हुए लक्ष्मीनारायण को नीचे पटक दिया। इसके बाद एसीबी टीम के सदस्यों ने चालक का पैदल ही काफी दूर तक पीछा किया। लेकिन वह हाथ नहीं आया।

सीसीटीवी में कैद भागदौड़

थाने के आसपास और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरा घटनाक्रम कैद हो गया। फुटेज में आरोपी चालक तेज रफ्तार से जीप दौड़ाते हुए नजर आ रहा है, जबकि कांस्टेबल फाटक से लटका हुआ दिखाई दे रहा है।

डीएसपी पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना पर चिड़ावा डीएसपी विकास धींधवाल मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वहीं एसीबी टीम ने आरोपी की तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *