श्रावस्ती में बरगद का पुराना पेड़ गिरा, शिक्षामित्र की मौत:रात में घर लौटते समय हुआ हादसा, लखनऊ में इलाज के दौरान निधन

श्रावस्ती में बरगद का पुराना पेड़ गिरा, शिक्षामित्र की मौत:रात में घर लौटते समय हुआ हादसा, लखनऊ में इलाज के दौरान निधन

श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक शिक्षामित्र की बरगद का पेड़ गिरने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों की माने तो 40 वर्षीय संगम लाल रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें लखनऊ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, भिनगा कोतवाली क्षेत्र के मुजहेनिया निवासी 40 वर्षीय संगम लाल शुक्रवार को किसी निजी कार्य से बाइक सें रिश्तेदारी गए थे। रात में बाइक से घर लौटते समय, घर से लगभग चार किलोमीटर पहले सड़क किनारे लगा एक पुराना बरगद का पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से संगम लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतक संगम लाल शुकुलपुरवा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके चार बेटे और एक बेटी है, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे का कारण बना बरगद का पेड़ लगभग 80 वर्ष पुराना था और काफी समय से जर्जर अवस्था में था। लोगों का कहना है कि यदि संबंधित विभाग ने समय रहते इसकी छंटाई या कटान कराई होती, तो इस घटना को टाला जा सकता था। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे लगे अन्य जर्जर पेड़ों की पहचान कर उन्हें समय रहते हटाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *