रोगी कल्याण समिति से भरा जा रहा अधिकारियों का जुर्माना और बनाया जा रहा अटल सभागार

रोगी कल्याण समिति से भरा जा रहा अधिकारियों का जुर्माना और बनाया जा रहा अटल सभागार

बजट के उपयोग में गंभीर अनियमितताएं, उठ रहे सवाल

टीकमगढ़. मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, उनके लिए सभी प्रकार की दवा, जांच की व्यवस्था करने, जरूरत पड़ने पर मरीजों को उपचार के लिए उच्च सेंटर पर भेजने और उनके लिए समुचि व्यवस्था करने के लिए बनाई गई रोगी कल्याण समिति जिले में निर्माण एजेंसी और अधिकारियों के जुर्माना भरने की संस्था बनती दिखाई दे रही है। यह जानकारी विधानसभा में लगाए गए सवाल के जवाब में सामने आई है। इसके बाद विधायक ने अगली बैठक में इस पर सख्ती से रोक लगाने की बात कही है। वहीं जिम्मेदार इस मामले में चुप्पी साधे हुए है।

जिले की रोगी कल्याण समिति के बजट के उपयोग में कई प्रकार की गंभीर अनियमितताएं सामने आई है। रोगी कल्याण समिति की राशि से उपभोक्ता फोरम द्वारा सीएमओ पर लगाए गए जुर्माना की राशि जमा की गई है। जिला अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक डॉ. रेखा बड़गैया के गलत उपचार से कुंती बाई की मृत्यु होने पर उनके परिजनों ने वाद दायर किया था। इस पर फोरम ने डॉ. बड़गैयां के साथ ही तत्कालीन सीएमएचओ पर 7 लाख रुपए का जुर्माना लगाकर यह राशि पीड़ित के परिजनों को देने के निर्देश दिए थे। इस पर इन अधिकारी द्वय ने अपील की थी और अपील के लिए 1.75 लाख रुपए की राशि डॉ. रेखा बड़गैयां ने तो डिमांड ड्राफ्ट से जमा की थी, जबकि सीएमएचओ की राशि का भुगतान रोगी कल्याण समिति से किया गया था। इसके साथ ही 24 जुलाई 2024 को हुई रोगी कल्याण समिति की बैठक में रोगी कल्याण समिति से नजरबाग मंदिर परिसर में अटल सभागार बनाने का प्रस्ताव पास किया गया था। इसके साथ ही परिसर की बाउंड्री बाल निर्माण, परिसर में पेवर्स, गेट निर्माण के साथ ही अन्य निर्माण कार्य की स्वीकृति दी गई है। इस मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी अनुरागी यह सभी प्रकरण उनके कार्यकाल के न होने की बात कह रहे है।

बेडशीट का प्रस्ताव दो बार

रोगी कल्याण समिति की बैठक में कुछ प्रस्ताव दो-दो बार डाले गए है। 11 अप्रेल 2025 को हुई बैठक में मरीजों की सुविधा के लिए 1000 बेडशीट खरीदने के लिए प्रस्ताव क्रमांक 6 डाला गया था, जबकि 8 माह पूर्व 27 अगस्त 2024 को हुई बैठक में भी प्रस्ताव क्रमांक 2 पर इतनी ही बेडशीट खरीदने का प्रस्ताव डाला गया था। ऐसे में लोगों की समझ में नहीं आ रहा है कि इतनी जल्दी इतनी बेडशीट खराब कैसे हो सकती है।

रोगी कल्याण समिति के काम

  • जनसुविधाएं जैसे लाड्री, भोजन, कैंटीन, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरा, इंटरकाम
  • विशेष प्रकार की जांच एवं उपचार सुविधा
  • मरीजों के परिजनों के लिए विश्रमालय, एंबुलेंस सुविधा
  • मरीजों के लिए आवश्यक दवाएं
  • श्रेष्ठ काम करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने पुरस्कार देना
  • कर्मचारियों की कुशलता को बढ़ाने के लिए उनका प्रशिक्षण कराना
  • उपकरणों का रखरखाव और मरम्मत
  • मशीनों एवं उपकरणों को किराए पर लेना, पैथालॉजी एवं रेडियो इमेजिंग सेवाएं लेना

यह कॉन्सेप्ट ही बिगाड़ रहे है

मुझे जानकारी हुई थी कि सीएमएचओ पर लगाए गए जुर्माना की राशि रोगी कल्याण समिति से जमा कराई गई है। इसके साथ ही बहुत से निर्माण कार्य भी कराए जा रहे है। यह गलत है। अटल सभागार का रोगी कल्याण समिति से निर्माण कैसे किया जा सकता है। यह लोग रोगी कल्याण समिति का कॉन्सेप्ट ही बिगाड़ रहे है। अगली बैठक में इस पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।- यादवेंद्र सिंह, विधायक, टीकमगढ़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *