MP News: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ में नगर पालिका परिषद में EOW का छापा पड़ते ही हड़कंप मच गया। EOW की टीम को देखकर अध्यक्ष, सीएमओ और अन्य कर्मचारी अलमारियों में ताला लगाकर दफ्तर छोड़कर भाग गए और पूरे दफ्तर में सन्नाटा पसर गया। नगर पालिका परिषद में हुई अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर जांच के लिए पहुंची थी लेकिन छापे से पहले ही कार्रवाई की भनक नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों को लग गई।
दफ्तर छोड़कर भागे अधिकारी-कर्मचारी
EOW की टीम को सबलगढ़ नगर पालिका परिषद में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत मिली थी। जब टीम नगर पालिका के दफ्तर में छापा मारने पहुंची तो नगर पालिका अध्यक्ष, सीएमओ सहित कर्मचारी गायब थे। दफ्तर की सभी अलमारियों में ताले लगे हुए थे। करीब 4 घंटे तक EOW की टीम दफ्तर में अधिकारी-कर्मचारियों के लौटने का इंतजार करती रही लेकिन जब कोई वापस नहीं लौटा तो EOW की टीम को खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ा।

इन अनियमितताओं की जांच करने पहुंची थी EOW
- नगर पालिका परिषद सबलगढ़ के द्वारा जूही इंफावुड सबलगढ़ से कौन-कौन सा फर्नीचर क्रय किया गया था एवं कितने रुपये का भुगतान किया गया था।
- नगर पालिका परिषद सबलगढ़ के द्वारा शशांकी मोबाईल सबलगढ़ को कितना भुगतान किया है एवं शशांकी मोबाईल सबलगढ़ से क्या-क्या सामान क्रय किया गया है।
- नगर पालिका परिषद सबलगढ़ के द्वारा जैम पोर्टल के माध्यम से वर्ष 2021 से 2025 तक कितना सामान क्रय किया गया है।


