ओडिया संगीतकार और गायक अभिजीत मजूमदार का रविवार को कार्डिएक अरेस्ट आने के बाद निधन हो गया। वो भुवनेश्वर के AIIMS अस्पताल में एडमिट थे। उन्होंने तीन दशक से ज्यादा समय तक संगीत की दुनिया में काम किया और 700 से ज्यादा गानों को कंपोज किया था। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, मजूमदार को रविवार सुबह 7:43 बजे कार्डिएक अरेस्ट आया, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत सीपीआर देना शुरू किया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उन्हें सुबह 9:02 बजे मृत घोषित कर दिया गया। AIIMS भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया था 54 साल के मजूमदार को पिछले साल 4 सितंबर को हाई ब्लड प्रेशर, थायरॉयड की बीमारी और लिवर की समस्या के कारण AIIMS भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया था। लंबे समय तक आईसीयू में इलाज चलने के बाद उन्हें 10 नवंबर को सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया गया था। अस्पताल के प्रशासन के मुताबिक, 23 जनवरी को उन्हें अचानक तेज बुखार आया, जो बाद में इन्फेक्शन में बदल गया। इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उन्हें सेप्टिक शॉक हो गया। परिवार के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर कटक ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया। अभिजीत मजूमदार का म्यूजिक करियर अभिजीत मजूमदार ने अपने करियर की शुरुआत साल 1991 में संबलपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री से की थी। उनका पहला एल्बम दक्षिगला काफी फेमस हुआ और इससे उन्हें पहचान मिली। साल 2000 के आसपास उन्होंने ओडिया फिल्म इंडस्ट्री यानी ऑलीवुड में कदम रखा। लव स्टोरी, सिस्टर श्रीदेवी, गोलमाल लव, मिस्टर मजनू, श्रीमान सूरदास और सुंदरगढ़ रा सलमान खान जैसी फिल्मों में उनका संगीत खूब पसंद किया गया। टीवी पर उन्होंने मेलोडी नाइट्स जैसे शो होस्ट किए। संगीत की दुनिया में आने से पहले वे कॉलेज में लेक्चरर थे, लेकिन 1996 से उन्होंने पूरी तरह म्यूजिक करियर पर फोकस किया था।
ओडिया संगीतकार-गायक अभिजीत मजूमदार का निधन:कार्डिएक अरेस्ट के बाद हुई मौत, 700 से ज्यादा गानों को कंपोज किया था


