Nora Fatehi Vulgar Song Row: फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ ने सोशल मीडिया पर बवाल मचाया हुआ है। दिन पर दिन गाने के अश्लील बोल की वजह से मामला तूल पकड़ रहा है। लोकसभा में भी इस गाने के मुद्दे को उठाया गया और सरकार ने इसे बैन कर दिया। इसके बावजूद खुद नोरा फतेही के अलावा संजय दत्त और पूरी टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बल्कि यह मामला कानूनी गलियारों तक भी पहुंच चुका है।
नोरा फतेही और टीम के खिलाफ महिला आयोग का सख्त कदम (Nora Fatehi Vulgar Song Row)
राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी गाना बैन होने के बाद एक बड़ा कदम उठाया है। इस गाने में दिखाए गए ‘अश्लील और आपत्तिजनक’ कंटेंट की वजह से संजय दत्त, डांसर नोरा फतेही और फिल्म की पूरी टीम को समन जारी किया है। आयोग का यह कदम उन ढेरों शिकायतों के बाद आया है, जिनमें गाने के बोल और कोरियोग्राफी को समाज, खासकर बच्चों के लिए हानिकारक बताया गया था।

क्यों मचा है इतना बवाल? (Nora Fatehi Controversial Song)
विवाद की जड़ गाने के वह बोल और दृश्य हैं, जिन्हें कई लोगों ने ‘फूहड़ता’ की श्रेणी में रखा है। शिकायतकर्ताओं का तर्क है कि ‘क्रिएटिव फ्रीडम’ के नाम पर महिलाओं की छवि को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। मामला इतना गरमाया कि मेकर्स को मजबूरन इस गाने को यूट्यूब से हटाना पड़ा। हालांकि, अब महिला आयोग ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी संबंधित पक्षों से लिखित सफाई मांगी है।
नोरा फतेही ने गाने को लेकर दी सफाई
इस पूरे विवाद के बीच एक्ट्रेस नोरा फतेही ने अपना पक्ष रखते हुए पल्ला झाड़ने की कोशिश की है। नोरा का कहना है कि उन्होंने यह गाना करीब तीन साल पहले मूल कन्नड़ फिल्म के लिए शूट किया था। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि इसे हिंदी में इस तरह के बोलों के साथ रिलीज किया जाएगा। नोरा ने यह भी तर्क दिया कि उन्हें हिंदी भाषा की इतनी गहरी समझ नहीं है कि वे शब्दों की बारीकियों को पकड़ सकें।

लेखक ने झाड़ा पल्ला
हैरानी की बात यह है कि गाने के लेखक के तौर पर जिनका नाम सामने आ रहा है, वहीं रकीब आलम भी अपनी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हैं। एक इंटरव्यू में रकीब ने खुलासा किया कि उन्होंने यह गाना मूल रूप से नहीं लिखा था। उनके मुताबिक, फिल्म के डायरेक्टर ने उनसे केवल कन्नड़ बोलों का हिंदी अनुवाद करने को कहा था। रकीब ने दावा किया कि मेकर्स ने वादा किया था कि वह अनुवाद को ‘फाइन ट्यून’ यानी बेहतर करेंगे, लेकिन उन्होंने अनुवाद को जस का तस रिलीज कर दिया, जिससे यह विवाद खड़ा हुआ।
रिलीज पर संकट के बादल?
फिल्म ‘केडी: द डेविल’ अप्रैल 2026 में रिलीज होने वाली है। ऐसे में फिल्म की मुख्य स्टारकास्ट को समन जारी होना इसके प्रमोशन और बिजनेस पर बुरा असर डाल सकता है। एक तरफ जहां इंडस्ट्री का एक वर्ग इसे मनोरंजन का हिस्सा मान रहा है, वहीं दूसरी तरफ समाज का एक बड़ा तबका सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ा है। अब देखना यह होगा कि महिला आयोग की जांच में संजय दत्त और नोरा फतेही क्या दलीलें पेश करते हैं।


