विजयनगर थाना क्षेत्र में एक नर्सिंग छात्रा ने अपने ही परिचित युवक के खिलाफ छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि युवक ने पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती की, लेकिन बाद में शादी का दबाव बनाने लगा। छात्रा द्वारा रिश्ता खत्म करने के बाद वह उसे लगातार परेशान करने और बदनाम करने की कोशिश करने लगा। लगातार हो रही इस प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा ने मंगलवार को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ छेड़छाड़ और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। विजयनगर थाना पुलिस के मुताबिक 20 वर्षीय पीड़िता नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। उसकी पहचान करीब दो साल पहले यशवंत पुत्र दिनेश कुमार नामा निवासी बाड़ा (राजस्थान) से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई और वे कई बार साथ घूमने-फिरने भी गए। इस दौरान युवक ने छात्रा के कुछ फोटो भी अपने पास रख लिए थे। दोस्ती को समझ बैठा प्रेम, शादी का बनाने लगा दबाव छात्रा का आरोप है कि यशवंत ने दोस्ती को प्रेम संबंध समझ लिया और उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। लगातार दबाव और व्यवहार से परेशान होकर छात्रा ने जनवरी 2025 में उससे सभी संबंध तोड़ दिए। दोस्ती टूटने के बाद युवक का व्यवहार बदल गया। छात्रा के घर बदलने के बाद भी उसने नया पता ढूंढ लिया। कॉलेज आते-जाते उसका पीछा करने लगा। बार-बार कॉल और मैसेज कर परेशान करने लगा। जब छात्रा ने नंबर ब्लॉक किया तो वह उसके परिजनों और सहेलियों को फोन करने लगा। उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक और अनर्गल संदेश भेजे। छात्रा का कहना है कि युवक लगातार उसे बदनाम करने की धमकी भी दे रहा था। पति के बाहर जाते ही दोस्त ने की हरकत
एमआइजी थाना क्षेत्र में रहने वाली 27 साल की महिला ने उसके पति के दोस्त के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत की है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अंकित पुत्र बंटी पाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। महिला ने पुलिस को बताया कि पति का दोस्त होने के नाते वह करीब 5 साल से अंकित पाल को जानती है। उनसे बताया कि पति निजी काम से अशोकनगर गए थे, तभी रात में अंकित आया और दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलने पर उसने बच्चों ने हालचाल पूछे और अंदर आ गया। मैंने उसके लिए चाय बनाई। चाय के खाली बर्तन उठाते समय अंकित ने मेरा हाथ पकड़ लिया। मैंने हाथ छुड़ाया और पति को सारी बात बताने की चेतावनी दी। तब आरोपी ने मुझे और बेटे को मारने की धमकी दी।


