होली के मौके पर मिली छुट्टियों के चलते ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। झांसी रेलवे स्टेशन समेत मंडल के कई स्टेशनों पर बड़ी संख्या में लोग यात्रा कर रहे हैं। होली के बाद भी यात्रियों की संख्या कम नहीं हुई है और ट्रेनों में लगातार भीड़ बनी हुई है। इसे देखते हुए झांसी रेल मंडल अलर्ट मोड में आ गया है और यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। दो तस्वीरों में देखें स्टेशन पर भीड़… मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त यात्री भार को संभालने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जरूरत के अनुसार स्पेशल ट्रेनें और “ट्रेन ऑन डिमांड” सेवा चलाई जा रही है, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।
होली के मद्देनज़र झांसी मंडल से पांच स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। ये ट्रेनें वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से पुणे, हड़पसर, मुंबई बांद्रा टर्मिनस, खुर्दा रोड जंक्शन और हजरत निजामुद्दीन दिल्ली के लिए रवाना हो रही हैं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इन ट्रेनों के संचालन से त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिल रही है। पिछले कुछ दिनों से झांसी स्टेशन पर खासकर शाम और रात के समय प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है। कई ट्रेनों में सीटें फुल होने के कारण जनरल कोच में काफी भीड़ देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में लोग होली की छुट्टियां बिताकर अपने कार्यस्थलों की ओर लौट रहे हैं, जिसके कारण ट्रेनों में लगातार भीड़ बनी हुई है। भीड़ को देखते हुए स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। आरपीएफ के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा टिकट चेकिंग स्टाफ, जीआरपी और स्काउट्स एंड गाइड की टीमें भी प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में यात्रियों की मदद के लिए तैनात हैं। झांसी मंडल के कंट्रोल रूम से पूरे मंडल की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। किसी भी शिकायत या समस्या की जानकारी मिलते ही उसका त्वरित समाधान किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म पर तैनात कर्मचारी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने और उतरने में भी सहयोग कर रहे हैं।


