‘अब हमने यह ठाना है, सत्य-अहिंसा का युग लाना है’:ब्यावर में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का शुभारंभ

‘अब हमने यह ठाना है, सत्य-अहिंसा का युग लाना है’:ब्यावर में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का शुभारंभ

ब्यावर में भगवान महावीर का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव शुक्रवार से शुरू हो गया है। श्री सकल जैन संघ, ब्यावर के तत्वावधान में 5 दिवसीय धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जैन समाज सक्रिय रूप से भाग लेगा। इस अवसर पर महावीर बाजार स्थित सकल जैन समाज के प्रमुख कार्यालय में पदाधिकारियों, सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संकल्प लिया। उन्होंने कहा, “अब हमने यह ठाना है, सत्य-अहिंसा का युग लाना है, अंदर का वीर जगाना है, महावीर सा हमको बन जाना है।” इस दौरान पूरे क्षेत्र में “त्रिशला नंदन वीर की जय” और “जियो और जीने दो” जैसे उद्घोष गूंज उठे। नवकार महामंत्र के जाप से हुई शुरुआत
महोत्सव की शुरुआत नवकार महामंत्र के जाप से हुई। महोत्सव कोषाध्यक्ष जसवंत बाबेल और सुशील मेहता ने बताया कि आज प्रातः 7:15 बजे विनोद नगर स्थित जैन जवाहर भवन के विशेष पंडाल में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक आसन पर बैठकर एक घंटे तक नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप किया। इस दौरान सामायिक साधना का भी आयोजन किया गया। महोत्सव के मीडिया प्रभारी प्रकाश जैन ने बताया कि भगवान महावीर के जन्मोत्सव को लेकर शहर के जैन समाज में उत्साह का माहौल है। सभी जैन संघों के संयुक्त तत्वावधान में महोत्सव संयोजक विमल शाह के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिला मंडल की वीना नाहर और मंजू जांगड़ा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 1 बजे जैन समाज की महिलाएं जवाहर भवन में एकत्रित होकर भगवान महावीर के चौबीसी गीतों का सामूहिक गायन करेंगी। महोत्सव के आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, शोभायात्राएं और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *