AI Impact Summit 2026: नई दिल्ली के ‘भारत मंडपम’ में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में इस बार चर्चा सिर्फ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की नीतियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि तकनीक के जमीनी इस्तेमाल की भी झलक देखने को मिली। इसी मंच से बेंगलुरु की ईवी स्टार्टअप अल्ट्रावायलेट ऑटोमोटिव ने देश की पहली एआई से लैस इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स बाइक पेश की, जिसने ऑटोमोबाइल सेक्टर में नई बहस छेड़ दी है।
हादसा होते ही पहुंचेगी सूचना (AI Impact Summit 2026)
भारत में सड़क दुर्घटनाओं के बाद अक्सर पहचान और सूचना देने में देरी बड़ी समस्या बन जाती है। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए इस बाइक में एडवांस्ड एआई आधारित क्रैश डिटेक्शन सिस्टम जोड़ा गया है। जैसे ही कोई गंभीर टक्कर होती है, सिस्टम स्वतः सक्रिय होकर राइडर के चुने हुए चार परिजनों को मैसेज भेज देता है। यह अलर्ट रियल-टाइम लोकेशन के साथ होता है, जिससे मदद तुरंत मौके पर पहुंच सके। कंपनी का दावा है कि ये फीचर इमरजेंसी रिस्पॉन्स को तेज और प्रभावी बना सकता है।
स्पीड और पावर का अनोखा मेल (AI Impact Summit 2026)
कंपनी के प्रतिनिधि हमजा खालिद के मुताबिक, ये इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स बाइक प्रदर्शन के मामले में भी अलग पहचान रखती है। इसमें हाई-परफॉर्मेंस मोटर लगाई गई है, जो दोपहिया ईवी सेगमेंट में नई श्रेणी बनाती है। बैटरी विकल्पों की बात करें तो 7 kWh वर्जन एक बार चार्ज करने पर 200 किलोमीटर से अधिक की रेंज देने का दावा करता है, जबकि 10 kWh पैक के साथ यह आंकड़ा 300 किलोमीटर से ऊपर तक जाता है। वास्तविक परिस्थितियों में रेंज थोड़ी कम हो सकती है, लेकिन शहर और हाईवे दोनों के लिए यह पर्याप्त मानी जा रही है।
चार्जिंग में भी सुविधा (AI Impact Summit 2026)
इस बाइक को सामान्य चार्जर से पूरी तरह चार्ज करने में लगभग छह घंटे का समय लगता है। वहीं फास्ट या बूस्ट चार्जर के जरिए इसे करीब ढाई से तीन घंटे में फुल चार्ज किया जा सकता है। कंपनी का कहना है कि बैटरी तकनीक प्रीमियम कारों में इस्तेमाल होने वाले स्तर की है और सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह खरी उतरती है।
बाइक की कीमत कितनी?
कीमत बैटरी पैक पर निर्भर करती है। छोटे बैटरी वर्जन की एक्स-शोरूम कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपये के आसपास रखी गई है, जबकि बड़े बैटरी पैक के साथ यह कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये तक पहुंचती है। प्रीमियम सेगमेंट में यह बाइक सीधे तौर पर उन ग्राहकों को टारगेट करती है जो स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस के साथ तकनीकी सुरक्षा फीचर्स चाहते हैं।
मेड इन इंडिया, ग्लोबल सोच
ये इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स बाइक पूरी तरह भारत में डिजाइन और निर्मित की गई है। स्टार्टअप का मुख्यालय बेंगलुरु में है और कंपनी एडवेंचर सेगमेंट में भी अपने मॉडल पेश कर चुकी है। एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर इसकी लॉन्चिंग यह दर्शाती है कि भारतीय स्टार्टअप अब केवल घरेलू बाजार तक सीमित नहीं, बल्कि वैश्विक तकनीकी विमर्श का हिस्सा बन चुके हैं।
एआई और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का यह संगम इस बात का संकेत है कि आने वाले समय में वाहन सिर्फ परिवहन का साधन नहीं रहेंगे, बल्कि स्मार्ट और संवेदनशील सुरक्षा तंत्र से लैस डिजिटल डिवाइस बन जाएंगे।


