कानपुर में आईआईटी से नौबस्ता तक मेट्रो यात्रियों को जल्द ही कम इंतजार करना होगा। नौबस्ता तक मेट्रो का बैलेंस सेक्शन शुरू होने वाला है, जिससे प्लेटफॉर्म पर लगने वाला लंबा इंतजार खत्म हो जाएगा। वर्तमान में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल के बीच मेट्रो 16 मिनट के अंतराल पर मिलती है। नौबस्ता तक विस्तार के बाद यह वेटिंग टाइम घटकर 5.5 मिनट रह जाएगा। इस विस्तार के साथ ही कानपुर मेट्रो का ट्रैक 16 किलोमीटर से बढ़कर 24 किलोमीटर हो जाएगा। वर्तमान में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल के बीच 10 ट्रेनें संचालित हो रही हैं। नौबस्ता रूट चालू होने पर 12 नई ट्रेनें जोड़ी जाएंगी, जिससे कुल ट्रेनों की संख्या 22 हो जाएगी।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) के पीआरओ पंचानन मिश्रा ने बताया कि यात्रियों की संख्या (राइडरशिप) बढ़ने पर ट्रेनों की संख्या में और वृद्धि की जा सकती है। मोतीझील से कानपुर सेंट्रल के बीच ट्रेनों के फेरे में अभी 16 से 17 मिनट का अंतर रहता था। इसकी मुख्य वजह यह थी कि कानपुर सेंट्रल के आगे ट्रैक न होने के कारण ट्रेनों को वापस लौटने के लिए ‘क्रॉसओवर’ की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। ट्रेन को एक ही ट्रैक से वापस मुड़ना पड़ता था, जिससे समय अधिक लगता था। अब इस समस्या का समाधान हो गया है। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता के बीच बारादेवी और नौबस्ता के पास 4 नए क्रॉसओवर बनाए गए हैं। इन क्रॉसओवर की मदद से ट्रेनें आसानी से ट्रैक और दिशा बदल सकेंगी। इससे डाउन-लाइन से नौबस्ता जाने वाली ट्रेन तुरंत अप-लाइन से आईआईटी के लिए रवाना हो पाएगी। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता के बीच एलिवेटेड रूट पर यात्री सेवा शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वर्तमान में ‘अप-लाइन’ पर टेस्ट रन किया जा रहा है। इस रूट के शुरू होने से चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा और नयागंज जैसे व्यस्त इलाकों के निवासियों को विशेष लाभ मिलेगा।


