रबी विपणन सीजन 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीद की तारीख में बदलाव किया गया है। अब गेहूं की खरीद 10 मार्च के बजाय 16 मार्च से शुरू होगी और 30 जून तक जारी रहेगी। राजस्थान सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए 150 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस देने की घोषणा की है। यह घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा वित्त एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान की गई थी। इससे किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल के अतिरिक्त यह बोनस मिलेगा। इस प्रकार, विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर खरीद एजेंसियों के माध्यम से गेहूं बेचने वाले पंजीकृत किसानों को उनके जनआधार से जुड़े बैंक खाते में कुल 2735 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा। हालांकि, गेहूं खरीद के लिए पंजीकरण प्रक्रिया में किसानों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसान संघ के पदाधिकारी महेश मेहर ने बताया कि नए पंजीकरण में दिक्कतें आ रही हैं। सेटेलाइट के माध्यम से हुए सर्वे के बाद नए खाता नंबर और खसरा नंबर बदल जाने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। पुराने पंजीकरण वाले किसानों का पंजीकरण तो हो रहा है, लेकिन उन्हें भी तुलाई केंद्र पर खाता संख्या संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। किसान मुकेश और जयेंद्र ने बताया कि अभी भी किसानों के खेतों में गेहूं खड़ा है, और कुछ जल्दी आने वाले किसान पंजीकरण के लिए चक्कर लगा रहे हैं।


