बांसवाड़ा जिले के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान महात्मा गांधी जिला अस्पताल (एमजी-हॉस्पिटल) में आज से मरीजों की सुविधा के लिए बड़ी व्यवस्थाओं में बदलाव किए गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने 1 अप्रैल, बुधवार से लागू नई व्यवस्थाओं की घोषणा की है। ओपीडी समय में बदलाव मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के अनुसार, अब 1 अप्रैल से 31 सितंबर तक ओपीडी का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। वहीं रविवार और सरकारी छुट्टियों में ओपीडी सुबह 9 बजे से 11 बजे तक संचालित होगी। इस बदलाव का उद्देश्य मरीजों को बेहतर सुविधा और भीड़ नियंत्रण मुहैया कराना है। ओपीडी ब्लॉक और ट्रायेज इमरजेंसी कक्ष अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए पीएमओ डॉ. राजीव गौतम ने ओपीडी ब्लॉक को पूरी तरह अलग कर दिया है। मरीजों को सही मार्गदर्शन देने के लिए नए साइनबोर्ड लगाए गए हैं ताकि किसी को भी अस्पताल में भटकना न पड़े।
साथ ही, गंभीर मरीजों की त्वरित पहचान और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में ट्रायेज इमरजेंसी कक्ष की शुरुआत की गई है। इस कक्ष में हर समय दो डॉक्टर तैनात रहेंगे, जो आपातकालीन स्थिति में मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर इलाज मुहैया कराएंगे। पूछताछ और अन्य सुविधाएं मरीजों की मदद के लिए पूछताछ केंद्र अब ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर के पास ही शिफ्ट कर दिया गया है। इंजेक्शन और ईसीजी जैसी सुविधाओं के लिए मरीज अब क्रमशः कमरा नंबर 12 और 13 में जाएंगे। नई व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पीएमओ डॉ. राजीव गौतम, डिप्टी कंट्रोलर डॉ. दामोदर गोयल और नर्सिंग अधीक्षक आशीष अधिकारी सहित अस्पताल प्रशासन की टीम ने वार्डों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


