अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ को रद्द करने का फैसला सुनाया है। इस पर चीन की प्रतिक्रिया सामने आई है।
चीनी कॉमर्स मिनिस्ट्री के एक प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि चीन ने किसी भी तरह से एकतरफा टैरिफ बढ़ोतरी का हमेशा विरोध किया है।
चीन ने ट्रंप से स्पष्ट रूप से कहा है कि आपको अपने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को मानना चाहिए और तत्काल प्रभाव से टैरिफ को तुरंत समाप्त कर देना चाहिए। प्रवक्ता ने कहा कि ट्रेड वॉर में कोई जीता नहीं है।
चीन ने क्या कहा?
चीनी प्रवक्ता ने आगे कहा कि अमेरिका द्वारा उठाए गए टैरिफ जैसे कदम न केवल इंटरनेशनल ट्रेड और इकोनॉमिक नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि अमेरिका के घरेलू कानून का भी उल्लंघन करते हैं, जिससे किसी भी पार्टी के हितों की पूर्ति नहीं होती है।
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ट्रंप की सिग्नेचर ट्रेड पॉलिसी के खिलाफ फैसला सुनाया था। इसमें कहा गया कि अमेरिकी प्रेसिडेंट के पास 1977 के इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट के तहत लगभग सभी अमेरिकी ट्रेडिंग पार्टनर्स से सामान पर बड़ी इंपोर्ट ड्यूटी लगाने का अधिकार नहीं है।
जजों ने टैरिफ को बताया है गैरकानूनी
नौ जजों की बेंच ने 6-3 मतों से टैरिफ के फैसला को गैरकानूनी बताया। कोर्ट के फैसले के बाद ट्रंप ने पहले सभी देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ की मंजूरी दी. इसके बाद, इसे बढ़ाकर सभी देशों के लिए 15 प्रतिशत तक कर दिया।
साथ ही ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में, ट्रंप ने कहा कि अगले कुछ महीनों में उनका एडमिनिस्ट्रेशन नए और कानूनी तौर पर मंजूर टैरिफ तय करेगा। इस बीच, व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कन्फर्म किया कि ट्रंप 31 मार्च से 2 अप्रैल तक चीन का दौरा करने वाले हैं।
चीन पर अमेरिका ने कितना लगाया है टैरिफ?
चीन पर अमेरिका ने विभिन्न सामानों पर 24 से 26 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया है। पहले यह 30-32 प्रतिशत या इससे भी ज्यादा था। हालांकि, कुछ इलेक्ट्रॉनिक्स/कंप्यूटर सामानों पर चीन को बड़ी छूट भी मिली हुई है।


