अहमदाबाद मनपा भर्ती में अब 33% महिला आरक्षण

अहमदाबाद मनपा भर्ती में अब 33% महिला आरक्षण

Ahmedabad. अहमदाबाद महानगर पालिका (मनपा) के विभिन्न विभागों में होने वाली आगामी भर्ती में अब 33% महिला आरक्षण लागू किया जाएगा। “महानगरपालिका की हर नई भर्ती में महिलाओं को प्राथमिकता देने के लिए 33% आरक्षण की व्यवस्था की गई है। यह निर्णय गुरुवार को हुई महानगर पालिका की स्थायी समिति की बैठक में हुआ है।

स्थायी समिति के अध्यक्ष देवांग दाणी ने संवाददाताओं को बताया कि बैठक में लगभग 216 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इसमें हाथीजण क्षेत्र में शहरी स्वास्थ्य केंद्र (यूएचसी)- एसएचसी की स्थापना की जाएगी। तालाबों और ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। शहर के चार ब्रिजों की बैरिंग बदलने का निर्णय किया गया है।

55 लेफ्ट टर्न खोले, 30 जल्द खुलेंगे

ट्रैफिक समस्या को कम करने के लिए मनपा ने ट्रैफिक पुलिस के सुझावों पर अमल करना शुरू किया है। शहर ट्रैफिक पुलिस ने 85 चौराहों पर लेफ्ट टर्न खोलने की सिफारिश की है, जिनमें से 55 को खोल दिया गया है। अन्य 30 लेफ्ट टर्न जल्द खोले जाएंगे। दाणापीठ फायर स्टेशन और पार्किंग की सुविधा फरवरी के अंत तक जनता के लिए खोल दी जाएगी। इससे मध्य जोन के लोगों को राहत होगी।

खारीकट कैनाल का दूसरा चरण जल्द

दाणी ने बताया कि खारीकट कैनाल परियोजना का पहला चरण (12.5 किमी) लगभग पूरा हो चुका है। फेज-2 का शिलान्यास मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के हाथों जल्द होगा। फेज 1 में 205 पोल खड़े हो गए हैं। उसके ब्यूटीफिकेशन का कार्य जल्द शुरू होगा। दक्षिण जोन में 1000 करोड़ का प्रोजेक्ट भी पूर्णता की ओर है।

मनपा की 80 फीसदी स्कूलें बनीं स्मार्ट

मनपा स्थायी समिति के अध्यक्ष दाणी और मनपा स्कूल बोर्ड के अध्यक्ष सुजय मेहता ने बताया कि मनपा संचालित स्कूलों में से 80% स्कूलें अब स्मार्ट स्कूल बन चुकी हैं। 100 स्कूलों को ‘शताब्दी स्कूल’ अवॉर्ड दिया जाएगा, जिसके तहत प्रत्येक स्कूल को एक लाख की राशि मिलेगी। 5000 शिक्षकों में से 100 को सदी के सितारे अवॉर्ड दिया जाएगा, जिसमें 21000 रुपए की राशि प्रदान की जाएगी।

स्कूल बोर्ड के नए भवन का लोकार्पण आज

13 फरवरी को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल स्कूल बोर्ड के नए भवन का लोकार्पण करेंगे। इसी दिन एएमटीएस की 9 नई बसों का शुभारंभ होगा। नगर प्राथमिक शिक्षक समिति के 100 वर्ष पूर्ण होने पर यह भवन तैयार किया गया है। अब 170000 विद्यार्थी, 5000 शिक्षक और 8000 पेंशनरों को अपना स्थायी भवन मिलेगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप अहमदाबाद में आधुनिक और तकनीकी शिक्षा सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। इसी क्रम में 15 नई स्मार्ट स्कूलों का लोकार्पण भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *