पलामू जिले में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे पुलिस और कुख्यात अपराधी फैज खान के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ पांकी और तरहसी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में हुई, जिसमें फैज खान के पैर में गोली लगी है। फैज खान पर गुरुवार देर रात बस स्टैंड के पास पालिका बाजार में गुड्डू खलीफा उर्फ समीर खलीफा की हत्या का आरोप है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने फैज खान और उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्याकांड को अंजाम देने के बाद फैज खान पांकी-तरहसी इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान अपराधियों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। पुलिस ने मौके से एक अन्य अपराधी को गिरफ्तार किया जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें फैज खान घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मौके से एक अन्य अपराधी को गिरफ्तार किया है। फैज खान को इलाज के लिए एमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया है। एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि छापेमारी अभियान के दौरान यह मुठभेड़ हुई, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लगी है। मामले में आगे की जांच जारी है। समीर खलीफा हत्याकांड के मुख्य आरोपी के घायल होने और एक सहयोगी की गिरफ्तारी को पुलिस एक बड़ी सफलता मान रही है।


