प्रयागराज के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में अलविदा की नमाज से पहले घर पर चढ़कर चाची भतीजे को गोली मारने का मुख्य आरोपी नजरे उर्फ नजर अली गिरफ्तार कर लिया गया। उसके बारे में पता चला है कि वह कुख्यात अपराधी है। पिछले साल उसने धूमनगंज में एक छात्र पर हमला कर उससे आईफोन व 14 हजार कैश लूट लिया था। इसके अलावा एयरपोर्ट-करेली बॉर्डर पर लखनपुर में गोहत्या के मामले में भी उसका नाम आया था। सिलना अंडरपास के पास से पकड़ाया पुलिस का दावा है कि उसे सिलना अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, पिछले साल 26 फरवरी को उसने सात अन्य लोगों संग मिलकर राजरूपपुर में शुभम केसरवानी पर जानलेवा हमला किया था। लोहे की रॉड व ईंट से वारकर उसे मरणासन्न कर दिया था। साथ ही उसका आईफोन व 14 हजार कैश लूट लिया था। यही नहीं शाम सात बजे के करीब शुभम के घर पर चढ़कर ईंट-पत्थर चलाने के साथ फायरिंग भी की थी। गोवंश की हत्या कर फेंका था इसके अलावा मई में करेली-एयरपोर्ट बॉर्डर पर स्थित लखनपुर गांव में गोवंश मृत हाल में मिला था। विवेचना के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी नजरे भी इस वारदात में अन्य लोगों संग शामिल था। इसके अलावा चार अन्य मुकदमे भी उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। एयरपोर्ट थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि घटना में नजरे के दो सगे भाई ओमान, रमजान व एक चचेरा भाई इमरान उर्फ काले की तलाश की जा रही है। एक आरोपी रहमान पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। यह है पूरा मामला
एक दिन पहले यह घटना एयरपोर्ट क्षेत्र के असदउल्लापुर भीटी गांव में हुई थी। इसमें अलविदा नमाज से ठीक पहले घर पर चढ़कर फायरिंग की गई। इसमें 45 साल की खुशमुदा और उसके 15 साल के भतीजे शोएब को गोली लग गई। दोनों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। पांच हमलावरों ने यह वारदात की। इनमें से एक आरोपी नजरे की तलाश में कुछ घंटों पहले ही चोरी के एक मामले में पुलिस ने शक के आधार पर उसके घर पर दबिश दी थी।ऐसे में माना जा रहा है कि मुखबिरी के शक में यह वारदात अंजाम दी गई। हालांकि महिला के पति फुजैल ने आरोप लगाया कि 18 फरवरी को बेटे परवेज से हुए झगड़े की रंजिश में वारदात की गई।


