कन्नौज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह ने जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक की। इस दौरान टेली कंसलटेशन में खराब प्रदर्शन करने वाले 10 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए। जिन सीएचओ को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है, उनमें दीक्षा यादव, सीखा पटेल, नयन, विमल कुमार, मधु, अश्वनी कुमार, अरुणा देवी, कृष्ण गोपाल, कपिल कुमार और कुलदीप शामिल हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी ने बताया कि जिले में टीबी रोगियों की पहचान के लिए फरवरी में 100 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने के लिए पहले से रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत संचालित स्वयं सहायता समूह कैंटीन के 10 महीने से लंबित भुगतान को यथाशीघ्र कराने को कहा। मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी चिकित्सा अधिकारी मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने की सलाह न दे। उन्होंने बताया कि सभी प्रकार की दवाएं जन औषधि केंद्रों पर उपलब्ध हैं। सभी डॉक्टरों को अपने पर्चे पर मुहर लगाने और मरीजों को जन औषधि केंद्रों से दवा खरीदने का सुझाव देने के लिए कहा गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी को माध्यमिक और प्राथमिक विद्यालयों में चिकित्सा अधिकारी का मोबाइल नंबर प्रिंट कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, फैमिली प्लानिंग का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपने पर जोर दिया गया। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक शक्ति बसु सहित संबंधित अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे।


