MI-CSK नहीं, बल्कि इस टीम के पास है एक सीजन में सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड

MI-CSK नहीं, बल्कि इस टीम के पास है एक सीजन में सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड

IPL 2026, MS Dhoni, Rohit Sharma and Shane Warne: IPL 2026 यानी 19वें सीजन का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और 28 मार्च से क्रिकेट का रोमांच शुरू होने वाला है। जब भी हम IPL के सबसे सफल कप्तानों की बात करते हैं, तो दिमाग में सबसे पहले एमएस धोनी और रोहित शर्मा का नाम ही आता है। दोनों ने 5-5 बार अपनी टीमों को चैंपियन बनाया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक ही सीजन में सबसे ज्यादा मैच जीतने के मामले में एक विदेशी दिग्गज ने इन दोनों को पीछे छोड़ रखा है?

धोनी-रोहित पर भारी पड़ा ये विदेशी

IPL के एक सीजन में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड किसी भारतीय के नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न के नाम है। 2008 आईपीएल के पहले ही सीजन में वॉर्न की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने 13 मैच जीतकर इतिहास रचा था और ओपनिंग सीजन की चैंपियन बनी थी। हैरानी की बात यह है कि उसके बाद से राजस्थान को दोबारा कभी ट्रॉफी नहीं मिली।

एक सीजन में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाले टॉप-5 कप्तान

जीत कप्तान टीम सीजन
13 शेन वॉर्न राजस्थान रॉयल्स 2008
12 एमएस धोनी चेन्नई सुपर किंग्स 2013
12 जॉर्ज बेली पंजाब किंग्स 2014
12 गौतम गंभीर कोलकाता नाइट राइडर्स 2012
12 रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस 2017

धोनी और रोहित का रिकॉर्ड

2013 में एमएस धोनी की कप्तानी में CSK ने 12 मैच जीते थे, हालांकि उस साल फाइनल में उन्हें मुंबई के हाथों हार मिली थी। अब धोनी कप्तानी छोड़ चुके हैं और ऋतुराज गायकवाड़ टीम की कमान संभाल रहे हैं। वहीँ 2017 में रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 12 मैच जीते थे और खिताब भी अपने नाम किया। अब मुंबई की कमान हार्दिक पांड्या के हाथों में है।

धोनी का आखिरी सीजन?

44 साल के एमएस धोनी चेन्नई में CSK के कैंप से जुड़ चुके हैं और प्रैक्टिस शुरू कर दी है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि 2026 धोनी का बतौर खिलाड़ी आखिरी सीजन हो सकता है। संजू सैमसन के टीम में आने के बाद कहा जा रहा है कि धोनी इस बार मैदान पर कम दिखेंगे और मेंटोर की भूमिका में ज्यादा नजर आ सकते हैं। 278 मैच खेलने वाले धोनी ने पिछले सीजन में 13 पारियों में 196 रन बनाए थे, जहां वह ज्यादातर आखिरी के ओवरों में ही बैटिंग करने आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *