India-Pakistan Sweets Exchange: जोधपुर। भारत ने इस बार होली के अवसर पर भी पाकिस्तान को मिठाई नहीं भेजने का निर्णय बरकरार रखा है। सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल को सरकार की ओर से कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं कि पाकिस्तानी रेंजर्स के साथ पारंपरिक मिठाई का आदान-प्रदान किया जाए। साफ है कि इस होली पर भी सीमा पार मिठास नहीं पहुंचेगी।
पहलगाम हमले के बाद से परंपरा स्थगित
दरअसल, केंद्र सरकार ने पिछले वर्ष पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद यह परंपरा स्थगित कर दी थी। तब से लेकर स्वतंत्रता दिवस, दिवाली और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर भी पाकिस्तान को मिठाई नहीं भेजी गई। अब होली जैसे प्रमुख धार्मिक त्योहार पर भी यही रुख कायम रखा गया है।
भारत और पाकिस्तान के बीच वर्षों से राष्ट्रीय पर्वों और बड़े त्योहारों पर सीमा पर मिठाई भेजने की परंपरा रही है, जिसे भारत की ओर से बीएसएफ और पाकिस्तान की ओर से रेंजर्स निभाते रहे हैं। हालांकि 2019 के पुलवामा हमले के बाद भी यह परंपरा अस्थायी रूप से रोकी गई थी।
सरकार का कड़ा संदेश
सरकार का स्पष्ट संदेश है कि जब तक सीमा पार से आतंक की गतिविधियां जारी रहेंगी, तब तक प्रतीकात्मक सद्भाव के इस आदान-प्रदान को बहाल नहीं किया जाएगा। साथ ही सीमा पर चौकसी और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।


