आज अखबार नहीं, UP की कल की 15 बड़ी खबरें:अखिलेश बोले- कपड़ों से कोई योगी नहीं बनता, ट्रेन ड्राइवर ने अफसर के सामने पैंट उतारी; हैप्पी होली बोल 5 लाख लूटे

आज अखबार नहीं, UP की कल की 15 बड़ी खबरें:अखिलेश बोले- कपड़ों से कोई योगी नहीं बनता, ट्रेन ड्राइवर ने अफसर के सामने पैंट उतारी; हैप्पी होली बोल 5 लाख लूटे

नमस्कार, आज नो न्यूज पेपर डे है। कल होली का त्यौहार था। आज अखबार नहीं आएगा। लेकिन, आपको उत्तर प्रदेश की हर जरूरी खबर दैनिक भास्कर एप पर मिलेगी। पढ़िए, कल की 15 बड़ी खबरें… 1. योगी ने काला चश्मा पहनकर होली खेली, गोरखपुर में CM बोले- जहां धर्म, वहीं जय होगी होली पर सीएम योगी का अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने गोरखपुर में काला चश्मा पहनकर होली खेली। योगी ने गायों को गुड़ खिलाया और अबीर लगाया। सीएम ने कहा कि जहां धर्म होगा वहीं विजय होगी। इस दौरान वहां मौजूद सांसद रवि किशन ने स्वयंसेवकों को रंग लगाकर फगुआ गाया। कहा- होली पर कहीं कोई भय नहीं। हर जगह सत्यमेव जयते है। पूरी खबर पढ़ें… 2. डिप्टी CM पाठक ने ऊंट पर बैठकर चलाई पिचकारी, दिशा पाटनी की बहन ने जमकर किया डांस यूपी में बुधवार को जमकर होली खेली गई। सुबह होते ही रंगों की बौछार शुरू हो गई। हर जगह जमकर रंग-गुलाल उड़ा। लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश चंद्र शर्मा चौक पहुंचे और जमकर होली खेली। ब्रजेश पाठक ऊंट पर सवार हुए। फिर पिचकारी से लोगों पर रंग की बौछार की। उन्होंने सिलेंडर से भी लोगों पर गुलाल उड़ाया। पूरी खबर पढ़ें… 3. ‘ए राजा हमके बनारस घुमाई दा’ पर जमकर नाचे विदेशी, काशी में आयरलैंड की युवती को गुझिया खिलाई काशी में होली पर विदेशियों ने भी जमकर मजा लिया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते विदेशी सैलानियों ने ‘होली हैं’ के नारे लगाए। काशी-मथुरा में विदेशी पर्यटकों ने जमकर होली खेली। सभी होली के रंग में रंगे नजर आए। काशी में विदेशियों ने ‘ए राजा हमके बनारस घुमाई दा’ जैसे गानों पर डांस किया। इस दौरान एक युवक ने आयरलैंड की युवती को गुझिया खिलाई। पूरी खबर पढ़ें… 4. अखिलेश बोले- दूसरों का दर्द समझने वाला ही योगी, शंकराचार्य पर प्रधानी चुनाव जैसे आरोप लगाए ‘सिर्फ भगवा कपड़े पहनने से कोई योगी नहीं हो जाता… जो दूसरे का दर्द समझे वही योगी होता है।’ यह बात सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को सैफई में कही। अखिलेश यहां सपा के होली मिलन समारोह में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ अखिलेश ने फूलों की होली खेली। कार्यालय परिसर में फूलों की बारिश के बीच फाग भी गाया गया। पूरी खबर पढ़ें… 5. बाराबंकी में देवा शरीफ दरगाह में खेली गई होली, हरे गुम्बद पर जमकर उड़ा गुलाल बाराबंकी स्थित प्रसिद्ध देवा शरीफ दरगाह पर होली के मौके पर एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। यहां जमकर होली खेली गई। आयोजन से हटने का निर्णय लेने वाले पूर्व अध्यक्ष शहजादे आलम भी इस अवसर पर मौजूद रहे। उन्होंने लोगों के साथ मिलकर अबीर-गुलाल उड़ाया। सभी को होली की मुबारकबाद दी। पूरी खबर पढ़ें… 6. प्रयागराज में खेली गई कपड़ा फाड़ होली, शहर भर के तारों पर कपड़े टंगे दिखे प्रयागराज की फेमस लोकनाथ की कपड़ा फाड़ होली में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। पूरे शहर के युवाओं की टोली बुधवार की दोपहर लोकनाथ चौक पहुंच गई। यहां डीजे की धुन पर रंगों की जमकर बरसात हुई। इस दौरान युवाओं ने जमकर एक दूसरे के कपड़े फाड़े। शाम होते-होते शहर भर के तारों पर ये फटे कपड़े टंगे नजर आए। पूरी खबर पढ़ें… 7. आशुतोष महाराज बोले- ‘शंकराचार्य की ‘गोपनीय पत्नी’ को भी सामने लाएं, उनका नार्को टेस्ट हो, मैं भी तैयार स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने शंकराचार्य के नार्को टेस्ट की मांग की है। उन्होंने कहा- अगर शंकराचार्य का नार्को टेस्ट होता है तो वो भी जांच के लिए तैयार हैं। प्रयागराज में आशुतोष महाराज ने कहा- शंकराचार्य की गोपनीय पत्नी नंदिनी उर्फ पूर्णाबा का प्रकरण सामने लाया जाए। पूरी खबर पढ़ें… 8. होली खेलने के बहाने पत्नी की हत्या की, शाहजहांपुर में मुखौटा पहनकर घर में घुसा शाहजहांपुर में होली के दिन पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उसके प्रेमी पर तेजाब फेंक दिया, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया। महिला का पति से दो साल से तलाक का केस चल रहा था। वह 6 महीने से अपने प्रेमी के साथ लिव-इन में रह रही थी। बुधवार सुबह 6 बजे पति होली खेलने के बहाने महिला के यहां पहुंचा। उसने चेहरे पर मुखौटा पहना हुआ था। पूरी खबर पढ़ें… 9. अलीगढ़ में हैप्पी होली बोलकर घर में घुसे बदमाश, स्क्रैप कारोबारी से 5 लाख लूटे अलीगढ़ में बुधवार दोपहर 4 बदमाश हैप्पी होली बोलते हुए घर में घुसे। फिर स्क्रैप कारोबारी दंपती को बंधक बना लिया। तमंचा और चाकू दिखाकर डराया-धमकाया। 5 लाख रुपए के जेवर और कैश लूट कर भाग गए। पूरी घटना कारोबारी के घर में लगे CCTV में कैद हो गई है। वारदात देहलीगेट थाना क्षेत्र के घुड़िया बाग हाथरस वाला पेंच इलाके की है। पूरी खबर पढ़ें… 10. लखनऊ में घाव दिखाने के लिए ट्रेन ड्राइवर ने पैंट उतारी, होली पर अधिकारी छुट्टी नहीं दे रहे थे लखनऊ रेल मंडल में तैनात एक ट्रेन ड्राइवर पैंट उतारकर अधिकारी को घाव दिखाने लगा। उसने छुट्‌टी बढ़ाने के लिए अधिकारी के पास अप्लाई किया था, लेकिन उसकी एप्लिकेशन रिजेक्ट कर दी गई। पूरी घटना का बुधवार को वीडियो सामने आया है। इसके बाद रेलवे यूनियन ने अधिकारी के व्यवहार को अमानवीय बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। पूरी खबर पढ़ें… 11. यूपी में 25 साल की महिला नेता का कंकाल मिला, अफेयर में हुई थी हत्या श्रावस्ती में 25 साल की महिला किसान नेता आंचल मिश्रा का जला हुआ कंकाल मंगलवार को जंगल में मिला था। महिला नेता बीते 14 दिनों से लापता थी। पुलिस मोबाइल की लास्ट लोकेशन फॉलो करते हुए जंगल पहुंची। वहां शव के नाम पर खोपड़ी, जबड़ा और रीढ़ की हड्‌डी मिली। पुलिस की जांच में आंचल का अफेयर होने की बात सामने आई है। पूरी खबर पढ़ें… 12. ‘अगर उनके बच्चे के साथ होता तो बुलडोजर चल जाता’, लखनऊ में पिता बोले- माथे के बीच में गोली मारी लखनऊ में माथे में गोली लगने से जान गंवाने वाले 13 साल के उनैज की मौत हो गई थी। बच्चे के पिता जमीर खान ने अपना दर्द साझा किया। कहा- ‘जो मेरे बच्चे के साथ हुआ है, अगर वह उनके बच्चे के साथ होता तो पुलिस होती, झंडे होते, बुलडोजर होता और मेरा घर गिरता। लेकिन, यहां इतना समय बीत गया, कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस भी कुछ नहीं कर रही है।’ पूरी खबर पढ़ें… 13. दुबई में फंसे कानपुर के कारोबारी, VIDEO जारी कर मदद मांगी, बोले- सरकार फंसे लोगों को बचा ले दुबई में फंसे कानपुर के सैडलरी कारोबारी अभिजीत कश्यप ने वीडियो जारी कर मदद मांगी है। इसमें कहा- मैं कानपुर का रहने वाला हूं। मेरा एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट का बिजनेस है। ईरान-इजरायल जंग के कारण हमले हुए हैं। हमारी फ्लाइटें कैंसिल हो चुकी हैं। हमारी भारत सरकार से हाथ जोड़ कर विनती है कि हमारे जैसे सभी भारतवासियों को वापस बुलाया जाए। पूरी खबर पढ़ें… 14. गोरखपुर में पत्नी का गला काटा, फरसा लेकर बेटे को दौड़ाया, पुलिस से बोला- लाश घर में पड़ी है गोरखपुर में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। बेटे को भी जान से मारने के लिए दौड़ा लिया। वो जान बचाकर घर से भाग गया। बाद में फोन पर अपने नाना को वारदात की सूचना दी। आरोपी पति ने खुद पुलिस को कॉल किया। बोला- मैंने पत्नी को मार डाला है। लाश घर में पड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को अरेस्ट कर लिया। पूरी खबर पढ़ें… 15. पंजाब पुलिस ने मथुरा से पकड़े बंटी-बबली, विदेश में नौकरी लगाने के नाम पर ठगते थे पंजाब पुलिस ने मथुरा से फिल्मी स्टाइल में ठगी करने वाले बंटी-बबली को पकड़ा। ये पति-पत्नी विदेशों में नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करते थे। पंजाब पुलिस ने वृंदावन की हाईराइज हाउसिंग सोसाइटी हरे कृष्णा आर्किड से दोनों को अरेस्ट किया। इसके बाद मेडिकल जांच करवाकर अपने साथ पंजाब ले गई। पूरी खबर पढ़ें…
UP की हर छोटी-बड़ी ताजा खबरों के लिए बने रहिए दैनिक भास्कर ऐप के साथ…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *