करनाल में लापता युवक का सुराग नहीं:ससुर पर दामाद की पिटाई के आरोप, नहर किनारे मिली थी बाइक,पुलिस बोली- 3 दिन में पानी से ऊपर आएगी लाश

करनाल की शिव कॉलोनी में मारपीट की घटना के बाद संदिग्ध हालात में लापता हुए युवक का दो दिन बाद भी सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों को कल युवक की बाइक पश्चिमी यमुना नहर के किनारे खड़ी मिली थी। परिवार को आशंका है कि युवक ने नहर में छलांग लगा ली होगी। परिजनों ने पुलिस और एसडीआरएफ से मदद मांगी, लेकिन पुलिस ने तीन दिन में शव पानी से ऊपर आने की बात कही। इसके बाद आज परिवार ने खुद गोताखोर बुलाकर तलाश शुरू कराई। ससुर पर मारपीट के गंभीर आरोप
शिव कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय शुभम सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। उसकी शादी तीन साल पहले हुई थी और वह एक बच्चे का पिता है। शुभम के ससुर उसके घर के सामने ही रहते हैं। शुभम की मां ने आरोप लगाया कि 26 फरवरी को उसके बेटे के साथ करीब 10 लोगों ने मारपीट की। इनमें उसका ससुर, एक पड़ोसी और अन्य लोग शामिल थे। मां के अनुसार तीन महिलाएं भी मारपीट में शामिल थीं। उन्होंने बताया कि शुभम को पूरी कॉलोनी में भगा-भगा कर पीटा गया। बाद में आरोपी उसे घर छोड़ने आए और वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। मां का कहना है कि जब वह बेटे को बचाने गई तो आरोपियों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान शुभम उसे आवाज लगाता रहा। आरोप है कि घर में तोड़फोड़ भी की गई। रोज शराब पिलाने का भी आरोप
मां ने यह भी आरोप लगाया कि शुभम का ससुर उसे रोज अपने साथ ले जाकर शराब पिलाता था। वह इसका विरोध करती थी, लेकिन उसकी बात नहीं मानी जाती थी। परिवार का कहना है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। रात 9 बजे ससुर ले गया, 12 बजे आई आखिरी कॉल
शुभम के छोटे भाई गुरजीत ने बताया कि 26 फरवरी की रात करीब 9 बजे ससुर का फोन आया था और वह शुभम को अपने साथ ले गया। रात करीब 12 बजे शुभम की आखिरी कॉल आई, जिसमें उसने बताया कि वह नहर किनारे बैठा है। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। नहर किनारे मिली बाइक, पुलिस जांच में जुटी
परिजन शुभम की तलाश करते हुए पश्चिमी यमुना नहर तक पहुंचे। वहां उसकी बाइक खड़ी मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि युवक के बारे में कोई सुराग मिल सके। पुलिस के जवाब से नाराज परिजन
परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने पुलिस और एसडीआरएफ से नहर में सर्च ऑपरेशन की मांग की तो उन्हें कहा गया कि तीन दिन में शव खुद पानी से ऊपर आ जाएगा। इससे परिवार में नाराजगी है। इसके बाद परिजनों ने गोताखोर प्रगट सिंह को बुलाया। प्रगट सिंह की टीम ने नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फिलहाल अभी तक शुभम का कोई सुराग नहीं मिला है। परिजन रात से ही नहर किनारे डटे हुए हैं और लगातार तलाश कर रहे हैं। पूरे मामले को लेकर कॉलोनी में तनाव का माहौल बना हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *