जीएनडीएच की पार्किंग की बोली आज देर शाम तक नहीं पहुंचा कोई आवेदक

भास्कर न्यूज | अमृतसर गुरु नानक देव अस्पताल और आई एंड ईएनटी अस्पताल की पार्किंग का पुराना ठेका समाप्त होने के बाद अस्पताल परिसर में खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। जानकारी के अनुसार, जनवरी में पूर्व ठेकेदार का अनुबंध समाप्त हो गया था, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट कार्यालय की ओर से पार्किंग ठेके के लिए 46.50 लाख की आरक्षित राशि तय की गई है। इसी के तहत 17 फरवरी मंगलवार को पार्किंग की खुली बोली रखी गई है। सोमवार को इच्छुक आवेदकों को टेंडर प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अग्रिम राशि जमा करानी थी, लेकिन देर शाम तक कोई भी आवेदक मेडिकल सुपरिंटेंडेंट कार्यालय नहीं पहुंचा। अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज और उनके परिजन वाहन लेकर पहुंचते हैं। ठेका न होने के कारण पार्किंग व्यवस्था अस्थायी रूप से संचालित की जा रही है, जिससे सुरक्षा और राजस्व दोनों प्रभावित हो रहे हैं। अस्पताल परिसर में बिना पुख्ता निगरानी के वाहन खड़े होने से चोरी होने का डर बना रहता है। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. कर्मजीत सिंह ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि मंगलवार को निर्धारित समय पर आवेदक सीधे बोली प्रक्रिया में हिस्सा लेने पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि पारदर्शी तरीके से बोली प्रक्रिया पूरी कर जल्द नई कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *