मां को याद कर भावुक हुए नितिन नवीन, कहा – मेरे मंत्री बनते ही दुनिया से चली गई मां, जैसे उसी दिन के इंतजार में थी

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का दर्द छलक पड़ा है। उन्होंने अपनी मां को याद करते हुए सोशल मीडिया एक पर एक बेहद भावुक संदेश साझा किया है। नितिन नवीन ने बताया कि कैसे उनकी मां ने उनके मंत्री बनने तक का इंतजार किया और जैसे ही उन्होंने सफलता का वह शिखर छुआ, मां उन्हें हमेशा के लिए छोड़कर चली गईं। नितिन नवीन अपनी मां के साथ एक तस्वीर भी अपलोड की है।

वो शायद उसी दिन के इंतजार में थीं

नितिन नवीन ने अपनी पोस्ट में उन भावुक क्षणों को याद किया जब वे पहली बार मंत्री बने थे। उन्होंने लिखा, “पिछले 5 वर्षों में कई मुकाम और प्रतिष्ठा मिली, पर उन सबके बीच एक खालीपन का एहसास हमेशा दिल को कचोटता है। मेरे मंत्री बनने के कुछ दिन बाद मां हम सब को छोड़कर चली गई। लगता है जैसे वो उसी दिन के इंतजार में थी, मुझे आशीर्वाद दिया फिर अपनी अंतिम यात्रा पर चली गई।’

मां के बिना अधूरा लगता है जीवन

नितिन नवीन ने अपनी पोस्ट के जरिए कहा कि राजनीति की चकाचौंध और बड़े-बड़े पदों के बावजूद मां का न होना एक ऐसा घाव है जिसे कोई भी प्रतिष्ठा नहीं भर सकती। उन्होंने लिखा कि मां की परछाई तो साथ नहीं है, पर उनका एहसास आज भी उसी तरह जीवंत है। मां ही वह ऊर्जा है जिससे इंसान दुनिया की हर मुश्किल से लड़ने का साहस पाता है।

मां हर खुशी है – नितिन नवीन

अपने संदेश के आखिरी हिस्से में नितिन नवीन ने बेहद महत्वपूर्ण बात कही है। उन्होंने उन लोगों को नसीहत दी जिनके पास आज उनकी मां मौजूद हैं। नितिन नवीन ने लिखा, “मित्रों, जब तक मां है उसको पूरा सम्मान एवं समय दो, दुनिया की सबसे कीमती चीज मां है। जब तक वो है उसको हमेशा खुश रखो, क्योंकि जो उसने दिया है वो तुम्हें कोई दे ही नहीं सकता। मां तुम्हारे अंदर का विश्वास है, मां हर खुशी है, माँ तुम्हारी ऊर्जा है जिससे तुम दुनिया से लड़ते हो।”

आज इस्तीफा देंगे नितिन नवीन

आज, 30 मार्च 2026 को, नितिन नवीन के विधान सभा सदस्य (MLA) के पद से इस्तीफा देने की उम्मीद है। 2006 से लगातार बांकीपुर विधान सभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के बाद, अब वे अपनी विधायकी छोड़कर राज्य सभा जा रहे हैं। हालांकि, नितिन नवीन के इस्तीफे का ठीक समय अभी तय नहीं है, क्योंकि वे इस समय असम में हैं और आज दोपहर 2:00 बजे तक वहां उनके कुछ कार्यक्रम निर्धारित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *