ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में दिनदहाड़े युवक नितिन नागर की हत्या के आरोपी मोनू से ईकोटेक-1 थाना पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। यह मुठभेड़ मंगलवार को लुक्सर गांव में हुई नितिन नागर की हत्या के मामले से जुड़ी है। नितिन नागर की घर के बाहर गोली मारकर और चाकू से वार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते सचिन, जीते और मोनू ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। हत्या का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। नितिन की हत्या के बाद परिजनों ने भारी रोष जताया था। मृतक की पत्नी श्वेता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने मामले के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया था। मंगलवार रात ईकोटेक-1 थाना पुलिस विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी मोनू का पीछा किया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान लुक्सर निवासी मोनू के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि नितिन नागर हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी मोनू से ईकोटेक-1 पुलिस की मुठभेड़ हुई। घायल मोनू को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।


