लखनऊ में ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) से जुड़ी एक और अहम सेवा निजी हाथों में जाने जा रही है। अगले सप्ताह से डीएल की ड्राइविंग टेस्टिंग प्रक्रिया निजी एजेंसी के माध्यम से शुरू होने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके तहत आवेदकों को वाहन चलाकर टेस्ट देने के लिए बंथरा स्थित निजी टेस्टिंग सेंटर जाना होगा। परिवहन विभाग पहले ही अपनी कई सेवाएं निजी एजेंसियों को सौंप चुका है। हाल ही में ट्रांसपोर्टनगर स्थित सरकारी फिटनेस सेंटर को बंद कर बीकेटी में ऑटोमेटेड टेस्टिंग सिस्टम (एटीएस) शुरू किया गया, जो पूरी तरह निजी संचालन में है। अब इसी क्रम में डीएल टेस्टिंग को भी निजी व्यवस्था के तहत लाया जा रहा है। टेस्ट के लिए बंथरा जाना अनिवार्य लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस (एलएल) बनने के बाद एक से छह महीने के भीतर परमानेंट डीएल के लिए आवेदन किया जाता है। आवेदन के बाद फोटो वेरिफिकेशन, बायोमेट्रिक और ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया होती है। नई व्यवस्था के तहत वेरिफिकेशन और बायोमेट्रिक का काम ट्रांसपोर्टनगर स्थित आरटीओ कार्यालय में होगा, जबकि ड्राइविंग टेस्ट के लिए आवेदकों को बंथरा के निजी सेंटर जाना पड़ेगा। शुरुआत में बढ़ेगी परेशानी, आगे पूरी व्यवस्था शिफ्ट होने के संकेत अलग-अलग जगहों पर प्रक्रिया होने से शुरुआती दौर में आवेदकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि परिवहन विभाग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में वेरिफिकेशन, बायोमेट्रिक और टेस्टिंग—तीनों प्रक्रियाएं बंथरा में ही शिफ्ट की जा सकती हैं। ऐसा होने पर आवेदकों को एक ही स्थान पर पूरी प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा मिल सकेगी, जिससे परेशानी कुछ हद तक कम होगी।


