पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरें केवल अफवाह: खंधार

पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरें केवल अफवाह: खंधार

गुजरात सरकार ने राज्य में पेट्रोल और डीजल की कमी संबंधी खबरों को अफवाह बताया है। राज्य सरकार, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आइओसी) और पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने संयुक्त बयान जारी कर जनता को भरोसा दिलाया कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त जखीरा मौजूद है। नागरिकों से अपील की गई कि वे पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें न लगाएं और न ही घबराएं।

खाद्य आपूर्ति विभाग की अपर मुख्य सचिव मोना खंधार ने स्पष्ट किया कि सभी पेट्रोल पंपों पर आवश्यकता अनुसार पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता बनी हुई है। राज्य में पर्याप्त बफर स्टॉक भी मौजूद है, इसलिए किसी को घबराने अथवा जल्दबाजी करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरें केवल अफवाहें हैं।

अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई डीलर पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद जानबूझकर पंप बंद रखता है या जनता को परेशान करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के स्टेट नोडल ऑफिसर और एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर संजीव बहेरा ने कहा कि गुजरात के सभी डिपो और टर्मिनल्स में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त इन्वेंटरी उपलब्ध है। नागरिकों को कतारें लगाने की कोई जरूरत नहीं है और आवश्यकता अनुसार ईंधन हमेशा मिलेगा।

पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने कहा कि ऑयल कंपनियों ने सप्लाई के घंटे बढ़ाए हैं और स्टॉक में भी इजाफा किया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों या गलत संदेशों से प्रभावित होकर पंप पर भीड़ न करें। गुजरात में ईंधन की कोई समस्या नहीं है और भविष्य में भी नहीं होगी। सरकार ने आमजन से अपील की है कि वे केवल अधिकृत जानकारी पर ही भरोसा करें और अफवाहों से दूर रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *