फरीदाबाद के दो नंबर इलाके में डेढ़ महीने पहले शादी के बाद ससुराल में मिल रहे तानों और घरेलू झगड़ों से परेशान होकर एक नवविवाहिता ने फिनाइल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश कर ली। परिजनों ने समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल सिविल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार इंद्रजीत तीन नंबर इलाके की रहने वाली है। उसकी शादी 4 फरवरी को दो नंबर इलाके के रहने वाले राहुल नाम के युवक के साथ दोनों परिवारों की सहमति से बड़े ही धूमधाम के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन इंद्रजीत का आरोप है कि शादी के करीब 5 दिन बाद से ही उसका पति राहुल और उसकी सास उसे छोटी-छोटी बातों को लेकर ताने देने लगे और अक्सर झगड़ा करने लगे। वॉशिंग मशीन और फ्रिज मांगने का आरोप इंद्रजीत ने बताया कि शादी के दौरान एक रस्म में उसने अपनी ननद को 1100 रुपए दिए थे। लेकिन इस बात को लेकर भी उसे बार-बार ताने सुनने पड़ते थे। इसके अलावा ससुराल पक्ष की ओर से वॉशिंग मशीन और फ्रिज की मांग की गई थी, जिसे उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत से ज्यादा खर्च कर पूरा भी कर दिया था। इसके बावजूद भी उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता रहा। गाली-गलौज करते हुए पति ने मारे थप्पड़ पीड़िता ने बताया कि एक दिन जब वह वॉशिंग मशीन से कपड़े धोने लगी तो वहां बिजली का एक्सटेंशन बोर्ड नहीं था। इस पर उसने अपने पति राहुल से एक्सटेंशन बोर्ड लाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और राहुल ने गाली-गलौज करते हुए उसे 5-6 थप्पड़ मार दिए। मायके जाने से रोका इंद्रजीत ने यह भी बताया कि वह घर में छोटे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है, लेकिन ससुराल वाले उसे ट्यूशन पढ़ाने से भी मना करते थे। इसके अलावा जब वह अपने पति से मायके जाने के लिए कहती थी तो वह उसे जाने नहीं देता था। यहां तक कि मंदिर जाने की बात कहने पर भी उसे घर से बाहर नहीं जाने दिया जाता था। घर में खाना बनाने को लेकर भी उसे अक्सर ताने दिए जाते थे, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी। परेशान होकर पिया फिनाइल बुधवार दोपहर इन सभी बातों से परेशान होकर इंद्रजीत ने फिनाइल पी लिया। फिनाइल पीने के बाद उसने अपने माता-पिता को फोन कर इस बारे में जानकारी दी। सूचना मिलते ही उसके माता-पिता तुरंत उसके ससुराल पहुंचे। वहां पहुंचने पर इंद्रजीत अपने कमरे में रो रही थी और बार-बार कह रही थी कि उसने फिनाइल पी लिया है। इसके बाद परिजन तुरंत उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे और वहां भर्ती कराया, जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। पिता बोले-4 दिन पहले भी हुआ था झगड़ा इंद्रजीत के पिता त्रिलोकचंद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 4 फरवरी को बड़े ही धूमधाम से की थी और अपनी हैसियत से ज्यादा सामान ससुराल वालों को दिया था। लेकिन शादी के 5-6 दिन बाद से ही उनकी बेटी को परेशान किया जाने लगा था। उन्होंने बताया कि 4 दिन पहले भी ससुराल में झगड़ा हुआ था और बेटी के साथ मारपीट की गई थी। उस समय दोनों परिवारों के लोग बैठकर बातचीत के जरिए मामला शांत करवाया गया था। मामले की जांच में जुटी पुलिस उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह फिर से बेटी के साथ उसके पति और सास ने झगड़ा किया, जिससे वह काफी परेशान हो गई और इसी कारण उसने फिनाइल पीकर अपनी जान देने की कोशिश की। वहीं दो नंबर चौकी इंचार्ज सुदर्शन कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार और नवविवाहिता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और परिवार की ओर से शिकायत भी मिल गई है। इस मामले में जो भी कानूनी कार्रवाई बनती है, उसके अनुसार मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


