अजमेर जिले के नसीराबाद सदर थाना क्षेत्र में एक नवजात कन्या भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। गांव कुराडी से रामसर रोड स्थित एक पुलिया के नीचे अज्ञात महिला द्वारा जन्म के बाद भ्रूण को फेंकने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत तिलाना के सरपंच कानाराम गुर्जर को ग्रामीणों ने पुलिया के नीचे नवजात कन्या भ्रूण पड़े होने की सूचना दी। इसके बाद सरपंच ने तत्काल पुलिस थाना नसीराबाद सदर को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर राजकीय चिकित्सालय नसीराबाद की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि किसी अज्ञात महिला ने जन्म के बाद भ्रूण को यहां फेंक दिया। पुलिस ने सरपंच की रिपोर्ट पर अज्ञात महिला के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 94 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और आरोपी महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


