Glenn Phillips on Jasprit Bumrah: जसप्रीत बुमराह ने पिछले दो मैचों में बहुत अच्छी गेंदबाजी की है, जिससे भारत मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में आगे बढ़ रहा है। टीम इंडिया का मुकाबला अब फाइनल में रविवार को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड से होने वाला है। कीवी खेमे को सबसे ज्यादा डर जसप्रीत बुमराह से है, जिन्होंने अहम मौकों पर बड़े विकेट निकाले हैं। न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने मैच से पहले कहा कि वह (बुमराह) भी इंसान हैं। उनका भी बुरा दिन हो सकता है, जैसा कि हम बाकी लोगों का होता है। इसलिए उम्मीद है कि उनके खिलाफ हमारा दिन अच्छा होगा।
विंडीज और इंग्लैंड को घुटने टेकने पर किया मजबूर
ज्ञात हो कि बुमराह ने वेस्टइंडीज के खिलाफ एक ओवर में रोस्टन चेस के साथ शिमरोन हेटमायर को आउट किया, जो लगभग नॉकआउट मुकाबला था। फिर गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल हाई-स्कोरिंग मैच में उन्होंने खतरनाक इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक को आउट किया और आखिर में बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
‘बुमराह भी इंसान हैं’
शायद न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स को भी इसी बात की चिंता सता रही है। फिलिप्स ने मैच से पहले कहा कि ‘बुमराह भी इंसान हैं। उनका भी बुरा दिन हो सकता है, जैसा कि हम बाकी लोगों का होता है। इसलिए उम्मीद है कि उनके खिलाफ हमारा दिन अच्छा होगा।’ शायद वह ऊपर वाले से बुमराह के फ्लॉप होने की दुआ मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाइलेटरल सीरीज में भी हमारा उनके खिलाफ अच्छा ट्रिप रहा था, लेकिन वह एक क्लास बॉलर हैं। उनके पास बहुत सारे वैरिएशन हैं। वह डेथ ओवर्स में बहुत अच्छे से हिट करते हैं।
न्यूजीलैंड बुमराह के खिलाफ ज्यादा डिफेंसिव नहीं होगा!
अक्सर टीमें बुमराह को डिफेंसिव तरीके से खेलती हैं, इस उम्मीद में कि उन्हें विकेट न मिलें और प्लेइंग इलेवन में दूसरे इंडियन बॉलर्स पर अटैक करती हैं। इंग्लैंड के जैकब बेथेल और सैम करन ने भी तेज बॉलर के खिलाफ़ कुछ ऐसा ही तरीका अपनाया, लेकिन उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी। बुमराह के आखिरी दो ओवर में सिर्फ 14 रन बने और इंग्लिश टीम थोड़े से अंतर से मैच हार गई। सोचिए अगर उन्होंने उन दो ओवरों में कुछ बाउंड्री लगा ली होती तो क्या होता?
फिलिप्स बोले- हम ऐसा नहीं करने वाले
ऐसा नहीं है कि बुमराह ने उन दो ओवरों में अच्छी बॉलिंग नहीं की, लेकिन वे, बुमराह के सम्मान में या शायद डर की वजह से उन पर अटैक करने को तैयार नहीं थे। फिलिप्स ने साफ कर दिया है कि वे ऐसा नहीं करने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि यह (बुमराह के खिलाफ डिफेंसिव तरीका) जरूरी नहीं कि वैसा ही हो। उन्होंने कहा कि जैसा कि मैंने कहा एक बॉलर को मिस करने की इजाजत है और अगर वह मिस करता है, तो हमें उसे बाहर रखना होगा। इसका मतलब यह भी है कि अगर वह बॉलिंग करता है, तो हमें दूसरी चीजों के लिए भी एडजस्ट करना होगा और खुद को ढालना होगा।


