न्यूजीलैंड को एक ही दिन में लगे 2 बड़े झटके, ईश सोढ़ी के बाद ये खिलाड़ी भी सिरीज से बाहर

न्यूजीलैंड को एक ही दिन में लगे 2 बड़े झटके, ईश सोढ़ी के बाद ये खिलाड़ी भी सिरीज से बाहर

SA vs NZ T20 Series: साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के बीच न्यूजीलैंड को एक और बड़ा झटका लगा है। बल्लेबाज बेवन जैकब्स बाएं घुटने में चोट लगने के कारण मंगलवार को हैमिल्टन के सेडन पार्क में होने जा रहे दूसरे टी20 मुकाबले से बाहर हो गए हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, जैकब्स (Bevon Jacobs) की जगह कैटेन क्लार्क (Katene Clarke) को ब्लैककैप्स के खेमे में शामिल किया गया है।

एनजेडसी के एक बयान के अनुसार, पहले टी20 मैच के दौरान फील्डिंग करते वक्त जैकब्स अपने बाएं घुटने के बल गिर गए, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। स्कैन से घुटने की हड्डी में चोट (बोन ब्रूजिंग) की पुष्टि हुई है। वे दोबारा मैदान पर कब उतर पाएंगे इसका अंदाजा जांच के बाद ही लग पाएगा।

चोटिल खिलाड़ियों की जगह कौन लेगा?

कैटेन क्लार्क को पहले डेन क्लीवर, जेडन लेनोक्स और टॉम लैथम के साथ चौथे और पांचवें टी20 मैचों के लिए टीम में शामिल किया जाना था, लेकिन जैकब्स की चोट के कारण उन्हें अब जल्दी बुलाया गया है। लेग स्पिनर ईश सोढ़ी भी बे ओवल में गेंदबाजी अभ्यास के दौरान अंगूठे में फ्रैक्चर के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं और उन्हें कम से कम चार सप्ताह तक क्रिकेट से दूर रहना होगा। एनजेडसी ने स्पष्ट किया है कि सोढ़ी की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को नहीं बुलाया जाएगा, क्योंकि लॉकी फर्ग्यूसन दूसरे और तीसरे मैच के लिए टीम से जुड़ने वाले हैं। पांच मैचों की इस टी20 सीरीज के शेष मुकाबले 17 मार्च को हैमिल्टन, 20 मार्च को ईडन पार्क (ऑकलैंड), 22 मार्च को वेलिंगटन और 25 मार्च को क्राइस्टचर्च में खेले जाएंगे।

पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को मिली करारी शिकस्त

बे ओवल, माउंट मौंगानुई में खेले गए सीरीज के पहले टी20 में न्यूजीलैंड की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 91 रनों पर ढेर हो गई और साउथ अफ्रीका ने यह मैच सात विकेट से जीत लिया। न्यूजीलैंड के सिर्फ 4 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू पाए और सर्वाधिक स्कोर जेम्स नीशम (26) का रहा। जेकब्स 7 गेंदों पर 10 रन बनाकर रन आउट हो गए। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से कोबानी मोकोएना ने 3, तो कोएट्जी, बार्टमैन और महाराज ने 2-2 विकेट झटके।

जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 16.4 ओवर में ही सिर्फ 3 विकेट खोकर लक्ष्य का सफल पीछा कर लिया। कॉनर एस्टरहुइजेन ने 48 गेंदों पर 45 रनों की पारी खेली, जिसने जीत में अहम योगदान दिया। न्यूजीलैंड की गेंदबाजी भी बेदम रही। जेमीसन, फोक्स और सैंटनर ने 1-1 विकेट चटकाया मगर मैच आखिर तक एकतरफा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *