एक ही सीरीज में तीसरा कप्तान चुनने को मजबूर हुआ न्यूजीलैंड, पहली बार कमान संभालेगा ये खिलाड़ी

एक ही सीरीज में तीसरा कप्तान चुनने को मजबूर हुआ न्यूजीलैंड, पहली बार कमान संभालेगा ये खिलाड़ी

New Zealand vs South Africa 4th T20: न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे 5 मैचों की T20 सीरीज के चौथे मुकाबले से पहले अचानक न्यूजीलैंड की टीम का कप्तान बदल गया। आपको बता दें कि पांच मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने पहले ही दो कप्तान चुने थे। पहले तीन मुकाबलों के लिए मिचेल सेंटनर कप्तान थे, जबकि आखिरी दो मुकाबलों में विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम लैथम टीम की अगुवाई करने वाले थे।

सेंटनर नहीं खेलेंगे आखिरी 2 मैच

तीन मुकाबले हो चुके हैं, जिसमें न्यूजीलैंड 2-1 से आगे है। पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका ने जीता था, जबकि अगले दो मैचों में न्यूजीलैंड ने प्रोटियाज टीम को शिकस्त दी। अब मिचेल सेंटनर इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। दूसरी ओर, टॉम लैथम टीम की अगुवाई करने वाले थे, लेकिन तीसरे मुकाबले में चोट लगने की वजह से वह सीरीज से बाहर हो गए हैं।

उनकी जगह जेम्स नीशम टीम की कप्तानी करेंगे। नीशम 12वें ऐसे खिलाड़ी हैं, जो T20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड की कप्तानी करेंगे। यह उनके करियर का पहला मौका है जब वह न्यूजीलैंड टीम की कमान संभालेंगे। आपको बता दें कि न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज का चौथा मुकाबला कुछ ही देर में वेलिंगटन में शुरू होगा। टॉम लैथम की जगह कैटीन डी क्लार्क को टीम में शामिल किया गया है।

न्यूजीलैंड ने जीते हैं आखिरी 10 में से 7 मैच

आपको बता दें कि न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20 क्रिकेट में कुछ खास नहीं रहा है। दोनों टीमें अब तक इंटरनेशनल पिच पर क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 23 बार आमने-सामने हो चुकी हैं, जिसमें से साउथ अफ्रीका ने 13 बार जीत हासिल की है, तो 10 मुकाबलों में न्यूजीलैंड को सफलता मिली है। हालांकि, पिछले 10 मुकाबलों की बात की जाए तो न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी रहा है। कीवी टीम ने 10 में से 7 मुकाबलों में जीत हासिल की है। यही नहीं, इसी कीवी टीम ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका का न सिर्फ अजेय अभियान खत्म किया था, बल्कि सेमीफाइनल में हराकर टूर्नामेंट से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया था।

आखिरी 2 मैचों के लिए न्यूजीलैंड

टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), टिम रॉबिन्सन, निक केली, बेवॉन जैकब्स, कैटीन डी क्लार्क, डेन क्लीवर, जेम्स नीशम, कोल मैककोन्ची, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, बेन सियर्स, जोश क्लार्कसन, जेडन लेनोक्स और जैकरी फॉल्क्स।

दक्षिण अफ्रीका पूरी टीम

टोनी डी ज़ोरज़ी, वियान मुल्डर, कॉनर एस्टरहुइज़न (विकेटकीपर), जेसन स्मिथ, रुबिन हरमन, डियान फॉरेस्टर, जॉर्ज लिंडे, गेराल्ड कोएट्ज़ी, केशव महाराज (कप्तान), लुथो सिपाम्ला, प्रेनेलन सुब्रायेन, ओटनील बार्टमैन और एंडिले सिमलेन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *