मुंबई में नए साल का सरप्राइज: 2026 के पहले ही दिन झमाझम बारिश, जानें अगले 4 दिनों का मौसम अपडेट

मुंबई में नए साल का सरप्राइज: 2026 के पहले ही दिन झमाझम बारिश, जानें अगले 4 दिनों का मौसम अपडेट

नए साल 2026 के पहले ही दिन मुंबई में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। नए साल की शुरुआत बारिश और ठंड के साथ हुई है, जिसने शहरवासियों को चौंका दिया है। जहां पूरे महाराष्ट्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं मुंबई के कई इलाकों में 1 जनवरी को अचानक बारिश हुई। ठंडी हवा और रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी ने नए साल के पहले दिन मौसम सुहावना कर दिया है।

आज सुबह तड़के मुंबई के दादर, प्रभादेवी, गोरेगांव, मुलुंड, भांडुप और दक्षिण मुंबई के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हालांकि नए साल के जश्न के बीच अचानक हुई इस सरप्राइज बारिश से सुबह ऑफिस जाने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अरब सागर से आने वाली नमी और हवाओं के चलते यह स्थिति बनी है।

बीते कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। कुछ जगहों पर पारा सीधे 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। भले ही आधिकारिक तौर पर शीतलहर की घोषणा नहीं हुई हो, लेकिन सुबह और शाम के वक्त ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है।

टूटा ठंड का रिकॉर्ड

विदर्भ के नागपुर सहित कई जिलों में दिसंबर का महीना पिछले कई सालों में सबसे ठंडा रहा। नागपुर में दिसंबर के दौरान रिकॉर्ड 17 दिन तक तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा।

नए साल के स्वागत की तैयारियों के बीच नागपुरवासियों के लिए बुधवार बेहद सर्द साबित हुआ। शहर में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे नागपुर विदर्भ का सबसे ठंडा शहर बन गया। मराठवाड़ा के परभणी में पारा गिरकर 6.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो राज्य में सबसे कम दर्ज किया गया।

मुंबई, कोंकण और अन्य तटीय इलाकों में रात और तड़के ठंडी हवाएं चल रही हैं। हालांकि दोपहर के समय धूप के कारण तापमान बढ़ जाता है, जिससे दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। लेकिन मुंबई और उपनगरों में दोपहर में भी पारा 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।

अगले 4 दिन ठंड बढ़ने के आसार

आंकड़ों पर नजर डालें तो मराठवाड़ा के परभणी में सबसे कम 6.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। उत्तर महाराष्ट्र के धुले में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि अहिल्यानगर में 7.5 और निफाड में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर महाराष्ट्र में आने वाले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रह सकता है और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मराठवाड़ा, विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र के लोगों को अगले चार दिनों तक ठंड जारी रहने की चेतावनी दी है। कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है, जिससे दृश्यता कम हो रही है। ऐसे में वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने पहले ही संकेत दिए थे कि दिसंबर और जनवरी में औसत तापमान सामान्य से कम रहेगा और शीतलहर के दिनों में बढ़ोतरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *