छिंदवाड़ा को न्यू-ईयर गिफ्ट…अब नहीं लगेगा फाटक पर जाम:जुन्नारदेव में बना जिले का सबसे लंबा रेलवे ओवरब्रिज; 554 मीटर है लंबाई

छिंदवाड़ा को न्यू-ईयर गिफ्ट…अब नहीं लगेगा फाटक पर जाम:जुन्नारदेव में बना जिले का सबसे लंबा रेलवे ओवरब्रिज; 554 मीटर है लंबाई

छिंदवाड़ा को नए साल पर इंफ्रास्ट्रक्चर की बड़ी सौगात मिली है। तामिया-जुन्नारदेव मार्ग पर स्थित जुन्नारदेव नगरीय क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) बनकर तैयार हो गया है। यह जिले का अब तक का सबसे लंबा रेलवे ओवरब्रिज है। इसके शुरू होने से लोगों को रेलवे फाटक बंद होने पर लगने वाले जाम से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। 11 स्पैन पर टीका है 554 मीटर लंबा ब्रिज मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) ने स्टेट हाईवे-41 पर इस ब्रिज का निर्माण कराया है। विभाग के मुताबिक, इस आरओबी की कुल लंबाई 554 मीटर है। इसमें 330 मीटर लंबे 11 स्पैन बनाए गए हैं। इसके अलावा दोनों ओर 84-84 मीटर के बॉक्स और 140 मीटर लंबी रिटेनिंग वॉल बनाई गई है। आधुनिक तकनीक से तैयार यह ब्रिज भारी वाहनों के दबाव को आसानी से झेल सकेगा। 30% आबादी को सीधी राहत इस ओवरब्रिज के चालू होने से जुन्नारदेव तहसील की करीब 30 फीसदी आबादी को सीधा फायदा होगा। पहले ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद रहने से यहां लंबा जाम लग जाता था, जिससे लोगों का काफी समय बर्बाद होता था। अब ट्रैफिक बिना रुके निकल सकेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। पर्यटन को लगेंगे पंख, बैतूल से जुड़ेगा पातालकोट यह ब्रिज सिर्फ यातायात सुगम नहीं करेगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ाएगा। इससे हर्रई, बिजोरी, तामिया, जुन्नारदेव, मुल्ताई और आठनेर का सफर आसान होगा। सबसे खास बात यह है कि यह ब्रिज छिंदवाड़ा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पातालकोट को कुकरूखामला होते हुए बैतूल से जोड़ने में अहम कड़ी साबित होगा। इससे क्षेत्र के व्यापार और पर्यटन दोनों को नई रफ्तार मिलेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *