अजित पवार विमान हादसे की जांच में नया मोड़, सीबीआई को मिलेगी ज़िम्मेदारी

अजित पवार विमान हादसे की जांच में नया मोड़, सीबीआई को मिलेगी ज़िम्मेदारी

महाराष्ट्र (Maharashtra) के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार (Ajit Pawar) की 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में विमान हादसे में मौत हो गई। लैंडिंग के दौरान विमान क्रैश हो गया जिसमें अजित पवार समेत 5 लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) और डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) की टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं। कुछ दिन पहले ही सीआईडी (CID) की महाराष्ट्र यूनिट ने भी मामले की जांच शुरू कर दी थी। अब इस मामले की जांच में नया मोड़ आने वाला है।

सीबीआई करेगी मामले की जांच

अजित पवार की मौत के बाद से ही इस मामले की जांच की ज़िम्मेदारी सीबीआई (CBI) को सौंपने की मांग उठने लगी थी। उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार (Sunetra Pawar), बेटे जय पवार (Jay Pawar) और पार्थ पवार (Parth Pawar) समेत एनसीपी के कई नेताओं ने इसकी मांग उठाई थी। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने रविवार को इस बात की जानकारी दी है कि मामले की जांच की ज़िम्मेदारी सीबीआई को सौंपी जाएगी।

फडणवीस ने की गृह मंत्री अमित शाह से बात

फडणवीस ने बताया कि उन्होंने अजित पवार विमान हादसे की सीबीआई जांच के मामले में देश के गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) से भी बात की है। फडणवीस ने कहा कि जो हुआ वो दुर्भाग्यपूर्ण और चौंकाने वाला था और हर कोई जानना चाहता है कि आखिर इस दुःखद घटना के पीछे क्या कारण थे और सच्चाई सामने आनी चाहिए। फडणवीस ने कहा कि वह और देशभर के कई राजनेता वीएसआर कंपनी के विमान में सफर किया करते हैं। ऐसे में सभी सवालों और शंकाओं के जवाब सामने आने चाहिए।

भतीजे ने बताया है हादसे को साजिश

गौरतलब है कि अजित के भतीजे और कर्जत-जामखेड़ विधानसभा क्षेत्र से एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार (Rohit Pawar) ने इस हादसे को साजिश बताया है। कुछ दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस करके रोहित ने कहा था कि विमान का इंजन पहले ही खराब हो चुका था। रोहित ने सेफ्टी पर सवाल उठाते हुए कहा यह भी आरोप लगाया था कि अजित महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री थे और उन्हें Z लेवल सिक्योरिटी मिली हुई थी और इसके बावजूद विमान यात्रा से पहले उनकी सेफ्टी का ध्यान नहीं रखा गया। इसके अलावा रोहित ने विमान में ज़रूरत से ज़्यादा फ्यूल भरा होने का भी आरोप लगाया था। इतना ही नहीं, रोहित ने यह भी कहा कि अजित ने जिस समय विमान ने मुंबई से उड़ान भरी, उस समय मौसम अनुकूल नहीं था। साथ ही बारामती में लैंडिंग के दौरान दृश्यता भी काफी कम थी। रोहित के अनुसार इस स्थिति में न तो उड़ान की अनुमति दी जानी चाहिए थी और न ही बारामती में लैंडिंग करने की कोशिश करनी चाहिए थी।

Ajit Pawar and Rohit Pawar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *