New Train: इस रूट पर नई ट्रेन शुरू, यूपी-बिहार से लेकर बंगाल तक के यात्रियों को सौगात

New Train: इस रूट पर नई ट्रेन शुरू, यूपी-बिहार से लेकर बंगाल तक के यात्रियों को सौगात

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की है। इससे मुंबई और आस-पास के जिलों में रहने वाले उत्तर भारत के यात्रियों को बड़ा फायदा होगा। मध्य रेल (Central Railway) के मुताबिक, पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवाएं शुरू हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने के बाद अब यह ट्रेन सोमवार (23 फरवरी) से पटरी पर दौड़ने लगी है।

मध्य रेल ने घोषणा की है कि यह ट्रेन पनवेल और अलीपुरद्वार के बीच हर सप्ताह चलेगी, जिससे महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तर बंगाल के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। हाल ही में पीएम मोदी ने इस ट्रेन की पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

ट्रेन नंबर और समय

ट्रेन संख्या 11031 पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस

23 फरवरी से प्रत्येक सोमवार को सुबह 11:50 बजे पनवेल से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन दोपहर 13:50 बजे अलीपुरद्वार पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 11032 अलीपुरद्वार-पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस

26 फरवरी से प्रत्येक गुरुवार को सुबह 04:45 बजे अलीपुरद्वार से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 05:30 बजे पनवेल पहुंचेगी।

प्रमुख ठहराव

यह साप्ताहिक ट्रेन कल्याण, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, इटारसी, पिपरिया, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, बरगढ़, प्रयागराज छिवकी, मेजा रोड, मिर्ज़ापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर जंक्शन, मुज़फ्फरपुर, समस्तीपुर, हसनपुर रोड, खगड़िया, मानसी, नौगछिया, कटिहार, बारसोई, किशनगंज, अलुआबाड़ी रोड, न्यू जलपाईगुड़ी, सिलीगुड़ी, बिन्नागुड़ी और हासीमारा स्टेशनों पर रुकेगी।

इस रूट से मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) और उत्तर व पूर्वोत्तर भारत के बीच यात्रा और भी सुगम हो जाएगी। कुल मिलाकर यह ट्रेन महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई प्रमुख शहरों को जोड़ेगी।  

कोच संरचना

ट्रेन में कुल 8 शयनयान (Sleeper) श्रेणी, 11 सामान्य द्वितीय श्रेणी (General Coach), एक पैंट्री कार और दो लगेज सह गार्ड ब्रेक वैन शामिल होंगे। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को किफायती और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

टिकटों की बुकिंग कब से?

इस नई ट्रेन में रिजर्वेशन सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट www.irctc.co.in पर शुरू हो चुकी है। जबकि अनारक्षित डिब्बों के टिकट सामान्य शुल्क पर यूटीएस प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध रहेंगे। यात्री टिकट बुकिंग के लिए ‘रेलवन’ ऐप भी डाउनलोड कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *