अमरोहा के नवागंतुक पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव चार्ज ग्रहण करने के बाद एक्शन मोड में नजर आ रहे है। उन्होंने अमरोहा आते ही सबसे पहले जिले के पुलिस अधिकारियों संग बैठक ली और कानून व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए। साथ ही पत्रकारों से वार्ता कर अपनी प्राथमिकताएं बताई। इसके बाद रात होते ही अमरोहा नगर थाने पहुंच गए। जहां उन्होंने थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय अभिलेखों, पीआरवी रूट चार्ट, अपराध रजिस्टर, ड्यूटी संबंधित रजिस्टरों, थाना परिसर, साइबर सेल, मिशन शक्ति केंद्र और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने थाने में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और कैमरों की लाइव फीड की जांच की। उन्होंने सभी तिराहों, चौराहों और मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, त्योहार रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यालय और अपराध रजिस्टर का भी निरीक्षण किया। थाना परिसर में खड़े माल मुकदमाती और लावारिस वाहनों के शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया गया। त्योहार रजिस्टर और टॉप-10 अपराधियों की सूची का अवलोकन करते हुए अपराधियों पर और अधिक प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने शराब, खनन, पशु, वन और भू-माफियाओं के बारे में जानकारी ली और ऐसे अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई कार्रवाई तथा वांछित अभियुक्तों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों की समय-समय पर जांच करने और फ्लाई सीट में प्रविष्टियां पूरी कराने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद थाना प्रभारी से बातचीत कर कुशलक्षेम पूछा गया। महिला संबंधी शिकायतों और अपराधों को प्राथमिकता पर लेते हुए गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष, त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। मिशन शक्ति अभियान के तहत अधिक से अधिक कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने महिला सशक्तिकरण, जनमानस की समस्याओं के निस्तारण और अपराध नियंत्रण हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने छोटी से छोटी घटना का संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करने के लिए संबंधितों को निर्देशित किया।


