बैतूल जिले के आमला थाना क्षेत्र में हुई 20 लाख से ज्यादा की बड़ी चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस वारदात में कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि फरियादी का ही रिश्तेदार निकला, जिसने भरोसे का फायदा उठाकर घर में नकबजनी को अंजाम दिया। घटना 9-10 मार्च 2026 की दरम्यानी रात की है, जब आमला के कुन्बी मोहल्ला निवासी ओमकार टिकारे के घर में पीछे का दरवाजा तोड़कर अज्ञात चोर घुसा। आलमारी और पेटी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत लाखों का माल साफ कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो शक की सुई एक करीबी पर जाकर टिक गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इंदौर से महेन्द्र उर्फ रंजीत देवड़े को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। वह फरियादी का भांजा है और आर्थिक तंगी व कर्ज में डूबने के कारण उसने अपने ही मौसा के घर को निशाना बनाया। गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रख दिया था
आरोपी ने चोरी के जेवरात इंदौर की एक गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर करीब 8 लाख रुपए हासिल किए। इस रकम से उसने अपने पुराने कर्ज चुकाए और बाकी पैसे अपने खाते में रखे, जिसे पुलिस ने फ्रीज कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नगदी और बैंक राशि मिलाकर कुल 20 लाख 85 हजार 200 रुपए का मशरूका बरामद किया है। आमला पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने कुछ ही दिनों में मामले का खुलासा कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।


