राजधानी के भांठागांव स्थित अवधपुरी कॉलोनी में रविवार को एक नीट अभ्यर्थी ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान रायगढ़ जिले के पुष्पेंद्र पटेल के रूप में हुई है। वह भांठागांव में किराए के मकान में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र ने मकान की दूसरी मंजिल से गले में जीआई तार (लोहे का तार) बांधकर छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से कुछ सामान जब्त किया गया और कमरे की तलाशी ली गई। परिजनों को दी सूचना पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी है। मामले में आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्र पिछले कुछ समय से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को लेकर मानसिक दबाव में थे।


