Navnindra Behl Death: टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर आ रही है। फेमस टीवी सीरियल ‘इश्कबाज’ की मशहूर एक्ट्रेस नवनींद्र बहल का निधन हो गया है। उन्होंने 76 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। नवनींद्र बहल ने शो में शिवाय की दादी का रोल निभाया था और उसी भूमिका से उन्होंने घर-घर में अपनी पहचान बना ली थी। जैसे ही ये खबर आई हर कोई हैरान रह गया। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि नवनींद्र बहल अब हमारे बीच नहीं रहीं।
‘इश्कबाज’ में निभाया नवनींद्र बहल ने दादी का रोल (Navnindra Behl Death)
नवनींद्र बहल के निधन की जानकारी उनके बेटे और जाने-माने फिल्ममेकर कानू बहल ने सोशल मीडिया के जरिए शेयर की है। कानू बहल ने अपनी मां की एक पुरानी तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए एक दिल छू लेने वाला नोट लिखा। उन्होंने लिखा, “मेरी टाइटन, मेरा विश्वास, मेरा प्यार, मेरी मार्गदर्शक और मेरी गुरु… अलविदा मां। जब तक तुम मुझे दोबारा जन्म न दो, मेरी आंखें हमेशा तुम्हारी उस मुस्कान और प्यारी सी हंसी को याद करेंगी। मेरी आत्मा को रोशन करने के लिए तुम्हारा शुक्रिया।” इस पोस्ट के बाद अनुराग कश्यप समेत फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कई सितारों ने गहरा दुख जताया है और नवनींद्र जी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

3 साल की उम्र से ही शुरू कर दिया था काम (Navnindra Behl Passed Away)
नवनींद्र बहल का कला से रिश्ता बहुत पुराना था। उन्होंने महज 3 साल की छोटी सी उम्र में ही पहली बार स्टेज पर परफॉर्म किया था। वह दिग्गज अभिनेता और निर्देशक ललित बहल की पत्नी थीं। ललित बहल का साल 2021 में कोविड-19 के कारण निधन हो गया था। यह जोड़ा दशकों तक थिएटर और सिनेमा की दुनिया में काफी एक्टिव रहा और कला के क्षेत्र में अपना बड़ा योगदान दिया।

थिएटर, टीवी और फिल्मों का शानदार सफर (Navnindra Behl Work)
नवनींद्र बहल ने अपनी एक्टिंग के जरिए हर वर्ग में अपनी छाप छोड़ी। टीवी की दुनिया में नकुल मेहता स्टारर ‘इश्कबाज’ और ‘दिल बोले ओबेरॉय’ में उनके दादी वाले किरदार को दर्शकों ने खूब प्यार दिया। इसके अलावा उन्होंने ‘विजी’ और ‘सदा-ए-वादी’ जैसे सीरियल्स में भी दमदार एक्टिंग की थी।
कंगना रनौत की क्वीन में थी नवनींद्र बहल
बड़े पर्दे की बात करें तो वे गुलजार की ‘माचिस’, दिबाकर बनर्जी की ‘ओए लकी! लकी ओ!’ और कंगना रनौत की सुपरहिट फिल्म ‘क्वीन’ का हिस्सा रहीं। इतना ही नहीं, उन्होंने ‘द प्राइड’ और ‘द गुरु’ जैसे अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में भी काम किया था। उनके जाने से इंडस्ट्री ने एक ऐसी कलाकार को खो दिया है जो अपने किरदार में जान फूंकने के लिए जानी जाती थीं।


