महाराष्ट्र में नासिक के कथित ढोंगी बाबा अशोक खरात का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब नवी मुंबई से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अब्दुल रशीद उर्फ बाबाजान ने काला जादू और तंत्र-मंत्र के बहाने कई महिलाओं को अपनी हवस का शिकार बनाया है। इस मामले में अब तक दो महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
विश्वास जीतकर बनाता था शिकार
नवी मुंबई की कलंबोली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब्दुल रशीद उर्फ बाबाजान लोगों को धार्मिक बातें बताकर उनका विश्वास जीतता था। वह कभी मीठी बातों से तो कभी काला जादू का डर दिखाकर खासतौर पर महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। वह आर्थिक, सामाजिक, वैवाहिक और शारीरिक समस्याओं का समाधान करने का दावा करता था।
फार्महाउस में ले जाकर करता था अत्याचार
आरोप है कि बाबाजान महिलाओं को बुरी शक्तियों को हटाने के नाम पर अकेले बुलाता था। फिर उन्हें खालापुर के एक सुनसान फार्महाउस पर ले जाता था। जहां वह देर रात तंत्र-मंत्र के बहाने महिलाओं को कपड़े उतारने के लिए मजबूर करता था। विरोध करने पर वह उन्हें जान से मारने की धमकी देता और उनके साथ दुष्कर्म करता था।
मां-बेटी से दुष्कर्म, हत्या की कोशिश
जांच में सामने आया है कि मुंबई के सांताक्रूज में एक महिला और उसकी बेटी के साथ भी आरोपी ने दुष्कर्म किया और उन्हें जान से मारने की कोशिश की। खालापुर की एक विवाहित महिला के साथ भी इसी तरह अत्याचार किया। आरोपी के खिलाफ पहले भी गंभीर धाराओं में केस दर्ज हो चुका है।
लोगों से पैसे भी ठगे, कई और पीड़ितों की आशंका
बाबाजान केवल महिलाओं का यौन शोषण ही नहीं करता था, बल्कि उसने कई पुरुषों को भी अपने जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूली है।
फिलहाल दो महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को संदेह है कि अभी और भी कई महिलाएं हैं जो बाबाजान की शिकार हुई हैं, लेकिन डर व बदनामी के कारण सामने नहीं आ रही हैं। इस मामले में पीड़ित महिलाओं को आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील पुलिस ने की है।
सोसायटी ने घर खाली कराया, फिर परिवार संग फरार
कलंबोली में लोगों की बढ़ती भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों के चलते सोसायटी के सदस्यों ने उसे घर खाली करने के लिए कहा था। जैसे ही पुलिस में शिकायत दर्ज हुई, बाबाजान अपने परिवार समेत फरार हो गया। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि अंधविश्वास और डर का फायदा उठाकर कैसे कुछ लोग मासूमों का शोषण करते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संभावना है कि आने वाले दिनों में और पीड़ित सामने आ सकते हैं।


