धार में ‘जल शक्ति से नव भक्ति’ अभियान:नर्मदा घाट से गांवों तक जल संरक्षण का संदेश

धार में ‘जल शक्ति से नव भक्ति’ अभियान:नर्मदा घाट से गांवों तक जल संरक्षण का संदेश

धार जिले में ‘जल शक्ति से नव भक्ति’ अभियान के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान 2026’ के तहत ये गतिविधियां सोमवार शाम तक चलीं। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण, स्वच्छता और जन जागरूकता बढ़ाना था। ग्राम पंचायत खलघाट में नर्मदा घाट पर विशेष कार्यक्रम हुआ। यहां विधि-विधान से मां नर्मदा का पूजन किया गया। इसके साथ ही घाट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया। विकासखंड नालछा के शासकीय कन्या हाई स्कूल में भी एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों, परामर्शदाताओं और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों को जल संरक्षण के महत्व और सेवा भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। शासकीय महाविद्यालय बदनावर में CMCLDP के छात्रों, मेंटर्स और सोशल इंटर्न्स ने वृक्ष पूजन किया। सभी ने जल और वृक्ष संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। विकासखंड गंधवानी के भारत माता चौक पर नवांकुर संस्था ने जल मंदिर की स्थापना की और पूजा-अर्चना की। छात्र-छात्राओं ने दीवार लेखन के जरिए जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जल स्रोतों की साफ-सफाई कर स्वच्छता अभियान भी चलाया। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी और सामाजिक संस्थाओं के सदस्य शामिल हुए। सभी ने जल संरक्षण की शपथ ली। उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल के सदुपयोग और जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इन कार्यक्रमों से जिले में जल संरक्षण के प्रति जन जागरूकता बढ़ी है। साथ ही समाज में सेवा और सहयोग की भावना को नई दिशा मिली है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *